रोल प्ले में बीकानेर की छात्राओं ने मारी बाजी, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोटड़ी स्कूल की टीम प्रथम, लोक नृत्य में हासिल किया द्वितीय स्थान

बीकानेर। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार उदयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में बीकानेर जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी, कोलायत ब्लॉक की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। ब्लॉक एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद राज्य स्तर पर पहुंची बीकानेर की टीम ने अपनी प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ ही टीम का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि बीकानेर जिले के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय की छात्राओं ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने विजेता छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

लोक नृत्य में भी बीकानेर की टीम ने दिखाया दम

उदयपुर में ही आयोजित राज्य स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में भी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी, कोलायत ब्लॉक की छात्रा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यालय की छात्राओं की उपलब्धि से शिक्षा विभाग और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

शिक्षा विभाग की ओर से दोनों टीमों के साथ विद्यालय स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई। अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के लिए मंच उपलब्ध कराने से उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता के विजेता भी सम्मानित

इसी क्रम में विकसित भारत कार्यक्रम के तहत जिला स्तर पर आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार, सहायक निदेशक अनिता बिश्नोई एवं कार्यक्रम प्रभारी प्रिया पड़िहार ने विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

Categories:
error: Content is protected !!