बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 मामलों में फरार मादक पदार्थों का कथित सप्लायर गिरफ्तार

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फलोदी पुलिस को थी तलाश, आरोपी पर कुल 40 हजार रुपये का इनाम घोषित

बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में पकड़ा गया आरोपी पांच प्रकरणों में वांछित था। बीकानेर सहित श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फलोदी पुलिस को उसकी तलाश थी। विभिन्न जिलों में आरोपी पर कुल 40 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। वह कई बार पुलिस को चकमा देने में भी सफल रहा। बीकानेर पुलिस काफी समय से उसे दस्तयाब करने के प्रयास कर रही थी। इस बार पुलिस टीम ने उसकी गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखते हुए जाल बिछाया और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।

कई राज्यों और शहरों में काटी फरारी

जांच में सामने आया कि आरोपी फरारी के दौरान नेपाल, गुजरात, नागौर, नोखा और जोधपुर सहित विभिन्न स्थानों पर रहा। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से नाम बदलकर स्कॉर्पियो गाड़ी में ही फरारी काट रहा था। लगातार ठिकाने बदलने और पहचान छिपाने के कारण पुलिस के लिए उसे पकड़ना चुनौती बना हुआ था।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और प्रकरणों में शामिल अन्य सहयोगियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है। पुलिस टीम उसके सहयोगियों की तलाश में भी जुटी हुई है।

इन अधिकारियों और टीम की रही अहम भूमिका

सम्पूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती राठौड़ के निर्देशन में अंजाम दी गई। कार्रवाई में सीओ सिटी अनुज डाल, डीएसटी प्रभारी सुरेंद्र प्रचार तथा अनुसंधान अधिकारी गौरव बोहरा (उपनिरीक्षक) सहित डीएसटी टीम की भूमिका रही। आरोपी को पकड़ने में एएसआई दीपक यादव की मुख्य भूमिका बताई गई है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने और प्रकरणों के संबंध में आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Categories:
error: Content is protected !!