ढिंगसरी। निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित करिअर काउंसलिंग वैन बुधवार को ढिंगसरी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुँची। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षा, विषय चयन, उच्च शिक्षा, विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं रोजगार के अवसरों सहित करिअर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में नेशनल करिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि करिअर का चुनाव केवल दूसरों की देखा-देखी करने के बजाय अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता और कौशल को समझकर करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी देते हुए सही समय पर करिअर संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एसीबीईओ प्रेमदान चारण ने करिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों तक इस प्रकार की सुविधा पहुँचाना उनके भविष्य के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाला उचित मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं के अनुरूप बेहतर विकल्प चुनने में सहायता कर सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गणपति सोनी ने करिअर काउंसलिंग वैन की टीम एवं एसीबीईओ प्रेमदान चारण का स्वागत करते हुए प्रोजेक्ट के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया तथा विद्यालय की ओर से आवश्यक सहयोग का विश्वास दिलाया।
करिअर काउंसलर लोचन पारीक ने निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित करिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को करिअर के विभिन्न क्षेत्रों, शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों तथा आगे की तैयारी को लेकर जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है।
कार्यक्रम का संयोजन मनन श्रीमाली ने किया। इस दौरान विद्यालय के व्याख्याता ओमप्रकाश, पंचायत सहायक पहाड़ सिंह एवं वरिष्ठ अध्यापक मूलचंद बिनावर सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रोजेक्ट सहयोगी केशव आचार्य द्वारा विद्यार्थियों को ‘करिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका का वितरण किया गया। पुस्तिका के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न करिअर विकल्पों और भविष्य की तैयारी के संबंध में उपयोगी जानकारी उपलब्ध करवाई गई।






