बीकानेर। कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (CCI) की बीकानेर शाखा की बैठक जिला अध्यक्ष अरुण अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को जागरूक करने पर चर्चा की गई।
बैठक में दीपावली सहित अन्य त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य सामग्री, नकली उत्पादों और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली के प्रति आमजन को जागरूक करने का निर्णय लिया गया। जिला अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से खरीदारी के समय पक्का बिल लेने, एमआरपी से अधिक भुगतान नहीं करने, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट जांचने तथा ऑनलाइन खरीदारी में रिटर्न पॉलिसी और वारंटी की जानकारी लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना CCI का प्रमुख उद्देश्य है। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर उपभोक्ता संबंधित मंच पर शिकायत दर्ज करवाएं। बैठक के अंत में CCI की महासचिव ममता सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सदस्यों ने उपभोक्ता जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।







