आरएलजी संस्थान की पहल पर निजी विद्यालय के विद्यार्थियों ने बस्ती के बच्चों के साथ साझा की दीपावली की खुशियां
बीकानेर। दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इसी भावना को साकार करते हुए आरएलजी संस्थान के तत्वावधान में विनोबा बस्ती में दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जयपुर रोड स्तिथ एच पी मोदी विद्यालय के विद्यार्थियों ने बस्ती के बच्चों के साथ मिलकर हर्षोल्लास से दीपावली मनाई।
संस्थान की अध्यक्ष डॉ. अर्पिता गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान युग में में भी दीपावली का संदेश पूर्व सामान प्रासंगिक है। हमें अपने भीतर के अंधकार को दूर कर प्रेम, सद्भाव, सेवा और मानवता का दीप प्रज्वलित करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को आपसी प्रेम, सहयोग और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में बच्चों ने धार्मिक एवं भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य और गायन प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों और बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उल्लासमय हो गया। इस दौरान रमेश सियोंता व स्नेहा शर्मा ने बच्चों को दीपावली पर्व मनाने के पीछे की पौराणिक मान्यताओं, भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन तथा इस पर्व के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व के बारे में भी बताया गया।
इस अवसर पर निजी विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विनोबा बस्ती के बच्चों को कॉपियां, किताबें, पेंसिल एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। वहीं संस्थान द्वारा बच्चों को चिप्स, बिस्किट, चॉकलेट सहित विभिन्न खाद्य सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बीच सामाजिक समानता, आपसी प्रेम और सहयोग की भावना विकसित करना तथा उन्हें यह संदेश देना था कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने में है। इस अनूठी पहल ने बच्चों को न केवल दीपावली की खुशियों से जोड़ा, बल्कि शिक्षा, संस्कार और सेवा का सुंदर संदेश भी दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने मे आंगनवाड़ी कार्येकर्ता कृष्णा गहलोत,सुरेश चांवरिया व विद्यालय के अध्यापिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही |







