बाल दिवस कविता वाचन प्रतियोगिता में दिव्यांशी प्रथम, आस्था द्वितीय और निकुंज तृतीय

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बच्चों की प्रस्तुतियों ने दिखाई साहित्य की नई पीढ़ी की संभावनाएँ
श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति, श्रीडूंगरगढ़ के तत्वावधान में बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कविता वाचन प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी काव्य प्रतिभा और अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजन ने बच्चों को साहित्य से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को मंच देने का सार्थक कार्य किया।
मुख्य अतिथि शिवराज भारतीय ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभागियों के लिए कार्यशाला का काम करते हैं। उन्होंने बच्चों को औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ साहित्यिक पुस्तकों के नियमित अध्ययन की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों से प्रभावित भारतीय ने कहा कि समय के साथ बच्चों की प्रतिभा और समझ पूरी तरह बदल रही है तथा ऐसे मंच उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और दिशा देने का अवसर देते हैं।
विशिष्ट अतिथि कपिला स्वामी ने कहा कि इस तरह की स्वस्थ प्रतियोगिताएं बच्चों में सात्विक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आयोजन को बच्चों के रचनात्मक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिक्षाविद् कमल किशोर पीपलवा ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस नए युग में लिखना और पढ़ना दोनों ही अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य हैं। ऐसे आयोजनों की महत्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि साहित्य से बच्चों को जोड़ने वाले प्रयास साहित्य की नई पीढ़ी तैयार करने में सार्थक भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के प्रारम्भ में संस्था के मंत्री एवं साहित्यकार रवि पुरोहित ने कार्यक्रम का उद्देश्य और रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने बच्चों में साहित्यिक रुचि, रचनात्मकता और प्रभावी अभिव्यक्ति विकसित करने को आयोजन का प्रमुख उद्देश्य बताया।
निर्णायक मंडल ने किया प्रतिभा का मूल्यांकन
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में भाषाविद्-साहित्यकार डॉ. मदन सैनी, सामाजिक कार्यकर्ता अंबिका डागा एवं कवि सत्यदीप शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, उच्चारण, भावाभिव्यक्ति, स्वर तथा कविता की प्रभावपूर्ण प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में दिव्यांशी सुथार पुत्री श्री बजरंग सुथार ने प्रथम, आस्था सैन पुत्री श्री गोविन्द सैन, कन्हैयालाल सिखवाल राजकीय विद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ ने द्वितीय तथा निकुंज सारस्वत, संस्कार इनोवेटिव स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान प्राप्त विजेता को सम्मान-पत्र, मेडल, ट्रॉफी, बाल साहित्य एवं 1100 रुपए की नगद राशि, द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 700 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 500 रुपए का नगद पारितोषिक प्रदान किया गया।
पांच प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार
सांत्वना पुरस्कार आईना शर्मा पुत्री श्री तोलाराम शर्मा, भवानी पुत्री श्री सहीराम जाखड़, कमल प्रजापत पुत्र श्री सोहन लाल प्रजापत, तनिशा मोदी पुत्री श्री गौरीशंकर मोदी तथा हेमलता सुथार पुत्री श्री मनोज सुथार को प्रदान किया गया। सांत्वना पुरस्कार के रूप में साहित्य, सम्मान-पत्र, मेडल एवं नगद राशि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का प्रभावपूर्ण संचालन कवयित्री भगवती पारीक ‘मनु’ ने किया।
संस्था के अध्यक्ष श्याम महर्षि ने आयोजन के समापन पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अध्यक्ष, निर्णायक मंडल, प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार ज्ञापित किया।
विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में पी.एम. श्री ताल मैदान, कन्हैयालाल सिखवाल राजकीय विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलसर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सातलेरा, भारती निकेतन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कल्याणसर पुराना, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय वार्ड संख्या 11, संस्कार इनोवेटिव स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोमासर, जयपुर पब्लिक स्कूल, बाल भारती, ए.जी. मिशन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिखमादेसर, मॉडर्न राजस्थान, बाल निकेतन तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिग्गा के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भंवर भोजक, तुलसीराम चोरडिया, श्रीभगवान सैनी, विश्वनाथ तंवर, सीमा भोजक, विजय महर्षि, नारायण शर्मा, रामचंद्र राठी, खुशबू, मनोज गुसांई, महेश जोशी, नोरतन शर्मा एवं बजरंग शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Categories:
error: Content is protected !!