बच्चों की प्रतिभा, फिटनेस और मतदान जागरूकता का संदेश बना डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों को खेल, फिटनेस, मानसिक सक्रियता, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत रनिंग एवं व्यायाम से हुई। रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी के जिम्नास्ट प्रांशुल ने रनिंग की कमान संभाली। इसके बाद बच्चों के लिए जुम्बा डांस, पंजाबी भांगड़ा एवं घूमर जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें कई अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके बाद बच्चों की फिटनेस, कोऑर्डिनेशन, माइंड शार्पनेस एवं आंतरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेल गतिविधियां करवाई गईं। इनमें बॉलून प्रतियोगिता ने बच्चों में विशेष उत्साह पैदा किया।

कार्यक्रम के दौरान मतदान जागरूकता का संदेश भी दिया गया। बच्चों एवं अभिभावकों को अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा हर पात्र मतदाता द्वारा शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन की टीम से दीपक जोशी एवं गोपाल जोशी ने बच्चों और अभिभावकों को मतदान के महत्व की जानकारी दी तथा मतदान की शपथ दिलाई। बच्चों ने भी अपने छोटे-छोटे संदेशों के माध्यम से मतदान के लिए जागरूक किया।

इस अवसर पर दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने कहा कि डीएसएफ का उद्देश्य केवल बच्चों को खेल तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें फिटनेस, मानसिक मजबूती, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज के यही बच्चे आने वाले समय में देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

कार्यक्रम में डीएसएफ टीम के हिताशा, रुद्राक्ष एवं विष्णु , निकोलस ने बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियां करवाईं। डीएसएफ की सबसे छोटी टीम सदस्य 6 माह की कियारा भी अपने माता-पिता के साथ कार्यक्रम में पहुंचीं। कियारा के माता-पिता ने डीएसएफ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जैसे-जैसे उनकी बेटी बड़ी होगी, वे उसे डीएसएफ की गतिविधियों से जोड़ना चाहेंगे और अवसर मिलने पर संस्था के साथ आगे भी जुड़ेंगे।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने गतिविधियों में भाग लिया। रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी ने भी इस पहल में निरंतर सहयोग दिया। नन्हे बच्चों द्वारा जिम्नास्टिक की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सभी ने बच्चों के उत्साह की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, प्रशासनिक टीम एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने भी डीएसएफ टीम से मुलाकात की और संस्था की फिटनेस पहल की सराहना करते हुए टीम को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बीकानेर में उन्हें लोगों से बहुत प्रेम मिला और बच्चों को फिटनेस एवं खेल की दिशा में आगे बढ़ाने की डीएसएफ की पहल सराहनीय है। उनके साथ बीकानेर से मनीषा जोधा जी उपस्थित रहे ।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन का यह संकल्प है कि डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब के माध्यम से प्रत्येक रविवार बच्चों और युवाओं को खेल, फिटनेस, संस्कार, अनुशासन एवं सही दिशा से जोड़ते हुए उन्हें “खेल से करियर तक” आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया जाए।

Categories:
error: Content is protected !!