बीजीएमआई और फ्री फायर में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, ईसीबी में पहली बार अलग वर्ग में हुआ ई-स्पोर्ट्स का आयोजन
डिजिटल गेमिंग में ईसीबी के विद्यार्थियों का दमदार प्रदर्शन, छात्राओं ने भी अलग वर्ग में दिखाया खेल कौशल
पारंपरिक खेलों के साथ ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा, 150 खिलाड़ियों की भागीदारी से रोमांचक बना सीजन-1
बीजीएमआई में टीम 4ए और फ्री फायर में टीआरजी ई-स्पोर्ट्स ने मारी बाजी, छात्राओं की इन्फिनिटी क्रू बनी विजेता
इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में रविवार को आयोजित ईसीबी ई-स्पोर्ट्स सीजन-1 में विद्यार्थियों ने डिजिटल गेमिंग के रोमांचक मुकाबलों के बीच अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महाविद्यालय के खेल विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में 30 टीमों के 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (बीजीएमआई) और फ्री फायर मैक्स के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने रणनीति, टीमवर्क और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि पहली बार ई-स्पोर्ट्स को अलग-अलग वर्गों में आयोजित करने की पहल की गई, जिसमें छात्राओं के लिए भी अलग वर्ग रखा गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन पर विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लालवानी गेमिंग के मुख्य निदेशक अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पिछले वर्ष हुई शुरुआत, अब सीजन आधारित आयोजन की पहल
कार्यक्रम के संयोजक एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय में पिछले वर्ष वार्षिक खेल आयोजन के दौरान पहली बार ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और डिजिटल गेमिंग के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए इस वर्ष ईसीबी ई-स्पोर्ट्स सीजन-1 का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक डिजिटल खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस आयोजन में छात्र-छात्राओं की शानदार भागीदारी से स्पष्ट है कि ई-स्पोर्ट्स विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधि के रूप में उभर रहा है।
आयोजन में इनकी रही सहभागिता
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. देवेंद्र गहलोत, सह-समन्वयक मनोज चौधरी एवं रोहित शर्मा सहित तानु सिंह और अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बीजीएमआई में टीम 4ए बनी विजेता, फाल्कन्स ने हासिल किया दूसरा स्थान
बीजीएमआई प्रतियोगिता में टीम 4ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम में आदित्य सिंह, गौतम कसवां, उत्तम खंडा और कौशल सुथार शामिल रहे। टीम फाल्कन्स ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस टीम में विक्रम सिंह शेखावत, रूपिंदर, पीयूष कुमावत, अनुज कुमार और रजत भाटी शामिल रहे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मुकाबलों में बेहतर तालमेल और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया।
फ्री फायर में टीआरजी ई-स्पोर्ट्स ने जीता खिताब
फ्री फायर प्रतियोगिता में टीआरजी ई-स्पोर्ट्स ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि क्लच गॉड की टीम दूसरे और हल्क ई-स्पोर्ट्स की टीम तीसरे स्थान पर रही। छात्राओं की फ्री फायर स्क्वाड प्रतियोगिता में इन्फिनिटी क्रू विजेता बनी। छात्राओं के लिए अलग वर्ग में प्रतियोगिता आयोजित करने से उनकी भागीदारी को प्रोत्साहन मिला और ई-स्पोर्ट्स में सभी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।







