कचरा संग्रहण टिपर की टक्कर से केशवदत्त आचार्य की मौत के बाद परिजनों ने चालक सहित नगर निगम अधिकारियों और ठेका कंपनी पर कार्रवाई की उठाई मांग..

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

नयाशहर थाने में दी शिकायत, हादसे को हत्या के अपराध के दृष्टिकोण से जांचने की मांग; चालक की नियुक्ति, ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव और प्रशिक्षण की भी हो जांच

बीकानेर। नगर निगम के कचरा संग्रहण कार्य में लगे टिपर वाहन की टक्कर से केशवदत्त आचार्य की मौत के मामले में परिजनों ने अब पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक के परिजन शारद दत्ता आचार्य ने 10 नवंबर को नयाशहर पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार चालक, नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और कचरा संग्रहण का ठेका लेने वाली कंपनी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को नगर निगम के कचरा संग्रहण कार्य में लगे टिपर वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अपनी निर्धारित साइड में जा रहे केशवदत्त आचार्य को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए। करीब दस दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 9 नवंबर को उनका निधन हो गया।

परिजनों ने अपनी शिकायत में इस घटना को केवल सड़क दुर्घटना मानकर सीमित नहीं रखने की मांग करते हुए हत्या के अपराध के दृष्टिकोण से भी जांच करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि हादसे के लिए केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि वाहन संचालन की व्यवस्था, चालक की नियुक्ति और सुरक्षा मानकों की जिम्मेदारी निभाने वाले संबंधित अधिकारी एवं ठेका कंपनी भी जांच के दायरे में आने चाहिए।

शिकायत में मांग की गई है कि टिपर चालक की भूमिका, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन चलाने का अनुभव और प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की जाए। यह भी पता लगाया जाए कि चालक को भारी वाहन चलाने का पर्याप्त अनुभव और प्रशिक्षण था या नहीं। नगर निगम और ठेका कंपनी के बीच हुए अनुबंध, वाहन संचालन की शर्तों तथा सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की जाए।

परिजनों ने दुर्घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, वाहन की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के समय उसकी गति से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित करने की मांग की है। इसके साथ ही अस्पताल के उपचार संबंधी दस्तावेज, एमएलसी, मेडिकल रिपोर्ट, सर्जरी रिकॉर्ड और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच करवाने का आग्रह किया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि कचरा संग्रहण के नाम पर संचालित होने वाले वाहन यदि आम नागरिकों की जान के लिए खतरा बन रहे हैं तो उनके संचालन की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। परिजनों ने मांग की है कि जांच में नगर निगम के किसी अधिकारी, ठेका कंपनी के संचालक अथवा अन्य जिम्मेदार व्यक्ति की आपराधिक भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच, उचित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

इन अधिकारियों को भेजी शिकायत की प्रतिलिपि

शिकायत की प्रतिलिपि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेठानंद व्यास, महापौर, नगर निगम आयुक्त, संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिदेशक, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Categories:
error: Content is protected !!