सीनियर डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 के दूसरे दिन चार मुकाबले खेले गए, बीकानेर फुटबॉल क्लब सेमीफाइनल में

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। जिला फुटबॉल संघ, बीकानेर के तत्वावधान में चैन सिंह स्टेडियम में आयोजित सीनियर डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 के दूसरे दिन बुधवार को चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिनभर हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

आयोजन संयोजक भैरुरतन ओझा ने बताया कि दिन के पहले मुकाबले में बच्ची क्लब और म्यूजियम क्लब आमने-सामने रहे। बच्ची क्लब ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 2-0 से अपने नाम किया। बच्ची क्लब की जीत में कप्तान नीरज चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने दोनों गोल दागकर टीम को शानदार जीत दिलाई।

दूसरे मुकाबले में चुन्नी क्लब का सामना गंगा क्लब से हुआ। चुन्नी क्लब ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए गंगा क्लब को 6-0 से करारी शिकस्त दी। चुन्नी क्लब की ओर से भूपेंद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल किए, जबकि गर्वित ने दो गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया।

आयोजन सचिव अरविंद सिंह राठौड़ ने बताया कि शाम के पहले मुकाबले में करणी क्लब और नवल क्लब के बीच मुकाबला हुआ। करणी क्लब ने पूरे मैच में प्रभावी खेल का प्रदर्शन करते हुए नवल क्लब को 3-0 से हराया। करणी क्लब की ओर से अकरम, अभिषेक और अशोक ने एक-एक गोल किया।

दिन के अंतिम मुकाबले में बीकानेर फुटबॉल क्लब और रेलवे क्लब के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। बीकानेर फुटबॉल क्लब ने शानदार तालमेल और अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए रेलवे क्लब को 3-0 से पराजित किया। टीम की ओर से सुजल ने एक और आशीष ने दो गोल कर जीत सुनिश्चित की।

मैचों के दौरान खिलाड़ियों ने तेज गति, बेहतर पासिंग और आक्रामक फुटबॉल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन हुए परिणामों के बाद सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर भी रोमांच बढ़ गया है।

प्रतियोगिता में गुरुवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें फाइनल में जगह बनाने के लिए टीमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी।

दूसरे दिन के मुकाबलों के दौरान मुख्य अतिथि कर्नल शिशुपाल सिंह एवं जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष दीवान सिंह राठौड़ मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के सचिव रहमत अली, पूर्व कोषाध्यक्ष सोहन सिंह भाटी एवं फुटबॉल कोच आशीष दुबे सहित खेलप्रेमी एवं फुटबॉल से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों एवं टीमों में खासा उत्साह है तथा सेमीफाइनल मुकाबलों में भी रोमांचक फुटबॉल देखने को मिलेगी।

Categories:
error: Content is protected !!