स्व. रामकृष्ण दास गुप्ता की स्मृति में बार एसोसिएशन की पहल, युवा अधिवक्ताओं को मिलेगा मार्गदर्शन
बीकानेर, 12 नवंबर। बार एसोसिएशन बीकानेर की ओर से स्वर्गीय रामकृष्ण दास गुप्ता की स्मृति में AIBE-22 (ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन) की 15 दिवसीय निःशुल्क क्लासेज का गुरुवार को न्यायालय परिसर स्थित सभागार में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन न्यायिक अधिकारी पंकज तिवारी ने किया।
इस अवसर पर पंकज तिवारी ने अपने संबोधन में निःशुल्क क्लासेज का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के माध्यम से सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन से उपस्थित युवा एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने अधिवक्ता धनराज सोनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह निःशुल्क क्लासेज शुरू हो सकी हैं। उन्होंने युवा एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और नियमित अध्ययन से सफलता निश्चित रूप से हासिल की जा सकती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बार एसोसिएशन के सचिव हेमंत सिंह चौहान ने भी निःशुल्क क्लासेज के आयोजन के लिए अधिवक्ता धनराज सोनी का आभार जताया। उन्होंने अभ्यर्थियों से पूरी मेहनत और लगन के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि इन निःशुल्क क्लासेज का संचालन बार एसोसिएशन बीकानेर एवं ज्ञान विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।






