मेजर जनरल अभय गुप्ता रहे मुख्य अतिथि, युवाओं ने संसदीय परंपराओं एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर रखे विचार
बीकानेर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के MY BHARAT बीकानेर के तत्वावधान में राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर के प्रताप सभागार में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय प्रक्रियाओं एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम में मेजर जनरल अभय गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में एयर वाइस मार्शल महावीर सिंह, ब्रिगेडियर मोहन वर्मा, कर्नल बी.के. मजूमदार तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मीना आसोपा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा संसदीय वाद-विवाद के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी सुधारों एवं देश के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। युवा प्रतिभागियों ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने तर्क प्रस्तुत करते हुए संसदीय परंपराओं, तार्किक अभिव्यक्ति एवं स्वस्थ संवाद का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि मेजर जनरल अभय गुप्ता एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने युवाओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें जागरूक नागरिक बनने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
जिला युवा अधिकारी विजेता मजूमदार, MY BHARAT बीकानेर के निर्देशन एवं संयोजन में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवा संसद युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने और उनमें नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।







