राजस्थान-पंजाब सीमा पर कानून-व्यवस्था को लेकर अंतरराज्यीय समन्वय बैठक
बीकानेर। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश की अध्यक्षता में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, पंजाब के बठिंडा पुलिस अधीक्षक जगदीश विश्नोई सहित दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में राजस्थान-पंजाब सीमा से जुड़े सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद अधिकारियों ने बॉर्डर चेक पोस्ट पतली का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और आवागमन की जांच सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने आगामी निकाय चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने तथा राजस्थान-पंजाब पुलिस के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।








