बीकानेर। अमन कला केंद्र की ओर से गुरुवार को महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में हिंदी सिनेमा के महान पार्श्वगायक, अभिनेता, निर्माता एवं निर्देशक किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के 84वें जन्मदिन के अवसर पर रंगारंग संगीतमय कार्यक्रम ‘किशोर की आवाज, अमिताभ का अंदाज’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के चुनिंदा गायक कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों के साथ अमिताभ बच्चन पर फिल्माए गए लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर दोनों महान कलाकारों को संगीतमय श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर की याद दिला दी। किशोर कुमार की जादुई आवाज में लोकप्रिय हुए गीतों और अमिताभ बच्चन पर फिल्माए गए गीतों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंजता रहा। कलाकारों ने अपनी गायकी के माध्यम से किशोर कुमार की गायन शैली और अमिताभ बच्चन के फिल्मी अंदाज को जीवंत कर दिया।
अमन कला केंद्र के अध्यक्ष एम. रफीक कादरी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी सिनेमा के इन दो दिग्गज कलाकारों की कला और योगदान को याद करते हुए संगीत प्रेमियों को सदाबहार फिल्मी गीतों से जोड़ना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होटल रॉयल इन, रानी बाजार के डायरेक्टर इकबाल हुसैन समेजा रहे। अध्यक्षता सखा संगम के अध्यक्ष एन.डी. रंगा ने की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. प्रवीण चतुर्वेदी, डॉ. श्याम अग्रवाल, डॉ. नवनीत सुथार, डॉ. भूपेंद्र तिवाड़ी, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. सुशील मोयल, सचिन भाटिया, महबूब रंगरेज और मास्टर अमीर शामिल रहे।
संगीत संध्या में एम. रफीक कादरी, गोपिका सोनी, सिराजुद्दीन खोखर, जावेद मिर्जा, विवेकानंद आर्य, डॉ. नरेश पोपली, कैलाश खरखोदिया, एम.आर. कुकरेजा, प्रदीप खत्री, राकेश सारस्वत, दीपक खत्री, राजेश अरोड़ा, विश्वजीत घोषाल सहित अनेक गायक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने किशोर कुमार की आवाज में लोकप्रिय गीतों के साथ अमिताभ बच्चन पर फिल्माए गए गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन एम. रफीक कादरी ने किया। संगीत प्रेमियों ने देर तक चली इस संगीतमय शाम का आनंद लिया और किशोर कुमार तथा अमिताभ बच्चन की यादों को गीतों के माध्यम से फिर से जीवंत किया।






