बीकानेर, 6 नवंबर। बार एसोसिएशन बीकानेर की आधिकारिक वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप का शुभारंभ शुक्रवार को नवीन न्यायालय भवन स्थित लाइब्रेरी हॉल में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बीकानेर तथा राजस्थान बार काउंसिल के सदस्य कुलदीप शर्मा ने किया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि बार एसोसिएशन बीकानेर राजस्थान की पहली बार एसोसिएशन है, जिसने अपने सदस्यों की सुविधा और संगठन के कार्यों को डिजिटल स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से आधिकारिक वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप शुरू किया है। इस पहल से अधिवक्ताओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ बार एसोसिएशन के कार्यों में पारदर्शिता, सुगमता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
राजस्थान बार काउंसिल के सदस्य कुलदीप शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में अधिवक्ताओं के लिए इस प्रकार की ऑनलाइन सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बार एसोसिएशन बीकानेर की इस पहल को सराहनीय एवं अनुकरणीय बताते हुए अन्य बार एसोसिएशनों से भी प्रेरणा लेने की बात कही।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बीकानेर ने अपने उद्बोधन में डिजिटल पहल की सराहना करते हुए कहा कि न्यायिक व्यवस्था एवं अधिवक्ता समुदाय के कार्यों में तकनीक का उपयोग समय की आवश्यकता है। इससे अधिवक्ताओं को अपने कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी तथा संगठन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनेगी।
वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप का तकनीकी विकास VSS Technosys Pvt. Ltd. द्वारा किया गया है। इस परियोजना के विकास में कंपनी की ओर से वैभव पानिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नई वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से अधिवक्तागण ऑनलाइन सदस्यता शुल्क जमा कर सकेंगे, घोषणा पत्र (Declaration) ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकेंगे तथा अपनी सदस्यता संबंधी जानकारी और बार एसोसिएशन की सदस्य निर्देशिका प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त बार एसोसिएशन की ओर से जारी सूचनाएं, नोटिस, महत्वपूर्ण घोषणाएं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध रहेगी। इस सुविधा का उपयोग मोबाइल फोन और कंप्यूटर दोनों के माध्यम से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के सचिव हेमंत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष लेखराम धत्तरवाल, कोषाध्यक्ष सुधीर श्रीमाली सहित वरिष्ठ अधिवक्ता करण सिंह, सुरेंद्र पाल शर्मा, संजय गौतम, ओमप्रकाश हर्ष, विजयपाल शेखावत, मनोज भादानी, चतुर्भुज सारस्वत और सुखदेव व्यास सहित अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने भाग लेकर इस पहल का स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में बार एसोसिएशन की ओर से उपस्थित सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।








