बीकानेर, 5 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पूर्वाभ्यास की कड़ी में राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बीकानेर में योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शारीरिक शिक्षा, खेल एवं योग विभाग के प्रभारी अधिकारी डॉ. एस. एल. प्रजापत के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस योग सत्र में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के योग विभाग की अतिथि संकाय प्रियंका रघुवंशी तथा एम.एससी. योग के विद्यार्थी अजय धवल ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में सहभागिता निभाई।
उन्होंने इलेक्ट्रिकल शाखा के विद्यार्थियों को योग, प्राणायाम एवं ध्यान का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करते हुए स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक एकाग्रता एवं तनाव प्रबंधन में योग की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में डॉ. आलोक व्यास, हितेश सैनी एवं महिपाल की उपस्थिति में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।
डॉ. एस. एल. प्रजापत ने बताया कि महाविद्यालय में 10 जून तक योग एवं ध्यान आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का विकास हो सके।













