कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने ध्वज फहराकर किया शुभारंभ
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ मंगलवार को श्री एसजीएन खालसा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, श्रीगंगानगर में कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता 17 से 19 नवंबर तक आयोजित होगी। शुभारंभ अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। कुलगुरु ने विश्वविद्यालय ध्वज फहराने के साथ खेल मशाल प्रज्वलित की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 509 महाविद्यालयों में से प्रतिवर्ष लगभग 125 महाविद्यालयों की टीमें खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेती हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए महाराजा करणी सिंह खेल अवार्ड शुरू किया है। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 6 स्वर्ण, 4 रजत और 13 कांस्य सहित कुल 27 पदक हासिल किए हैं। समारोह में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अनुप्रिया जैन ने अतिथियों, आयोजकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।






