लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी जरूरी, मतदान अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी : अर्जुन राम मेघवाल
बीकानेर, 3 नवंबर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत बीकानेर की ओर से डूंगर कॉलेज के प्रताप सभागार में ‘नो योर वोट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के अधिकार, मतदाता पंजीकरण तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान ‘युवा नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी’ विषय पर संवाद भी हुआ।
कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और यहां लोकतांत्रिक परंपराएं समाज तथा परिवार के स्तर पर भी संवाद और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया के रूप में रही हैं। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में डॉ. भीमराव आंबेडकर की ओर से प्रतिपादित ‘वन वोट, वन वैल्यू’ की अवधारणा लोकतंत्र की समानता का आधार है। भारत में प्रत्येक नागरिक को समान मताधिकार दिया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था की बड़ी विशेषता है।
मेघवाल ने महिला मताधिकार के ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए बताया कि दुनिया के कई देशों में महिलाओं को मतदान का अधिकार प्राप्त करने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा, जबकि भारत में संविधान लागू होने के साथ ही महिलाओं को समान मताधिकार मिला। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर की कल्पना थी कि नागरिक मतदान के दिन को भी दीपावली और होली जैसे उत्सव के रूप में मनाएंगे। युवाओं को इस भावना के साथ मतदान प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदान अनिवार्य नहीं है, लेकिन प्रत्येक नागरिक को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना जरूरी है। युवाओं को अपना मतदाता पंजीकरण करवाने, चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आए बिना निष्पक्ष मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने मतदान प्रतिशत में वृद्धि के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का संदेश दिया।
माय भारत की जिला युवा अधिकारी विजेता मजूमदार ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम महत्वपूर्ण पहल हैं। ‘नो योर वोट’ कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक करना, मतदान एवं मतदाता पंजीकरण से जुड़ी उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना तथा उन्हें सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में युवा प्रतिभागियों ने भी लोकतांत्रिक विषयों पर अपने विचार रखे। युवा प्रतिभागी अरस्तु ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) विषय पर प्रस्तुति देते हुए मतदाता सूची के महत्व और जनसांख्यिकीय संरचना से जुड़े पहलुओं पर प्रकाश डाला। वहीं पलक तंवर ने महिला अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका को लेकर सवाल उठाया। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सभी सवालों का जवाब दिया।







