मां करणी बीएड कॉलेज नाल बीकानेर में मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस;विद्यार्थियों ने लिया खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare



बीकानेर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मां करणी बीएड कॉलेज, नाल, बीकानेर में खेल दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी एवं भारतीय खेल जगत के प्रेरणास्रोत मेजर ध्यानचंद को याद किया गया तथा विद्यार्थियों को उनके जीवन, खेल के प्रति समर्पण और देश के लिए दिए गए योगदान के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के प्रति भी अधिक से अधिक रुचि विकसित करें और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लें।
महाविद्यालय निदेशक मानक व्यास ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. मुदिता पोपली ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन मेहनत, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में विद्यार्थियों का खेल मैदान से जुड़ना और भी जरूरी हो गया है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि तनाव कम करने और व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के खेल में आगे बढ़ने और खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रवक्ता रेखा वर्मा, शिवजी छंगाणी, मधुलिका थानवी, सुधीर सिंह चंदेल एवं आशा व्यास सहित महाविद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Categories:
error: Content is protected !!