गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में प्रसूति व नेत्र सेवाएं होंगी सुचारू, 3 नेत्र चिकित्सकों की रोटेशन से होगी नियुक्ति..

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


गंगाशहर 29 सितम्बर 2026। गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में प्रसूति विभाग एवं नेत्र चिकित्सक की समुचित सुविधाएं उपलब्ध करवाने के आदेश सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल श्री सुरेंद्र वर्मा ने प्रदान किए। आज सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल श्री सुरेंद्र वर्मा से भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जन अभाव अभियोग सतर्कता समिति सदस्य मोहन सुराणा के नेतृत्व में गंगाशहर नागरिक परिषद् के प्रतिनिधि मण्डल ने गंगाशहर सेटेलाइट अस्पताल के सम्बन्ध में चर्चा की। सुराना ने जोर देकर कहा कि गंगाशहर अस्पताल में दानदाताओं के सहयोग से उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, लेकिन चिकित्सकों के अभाव में आम आदमी को उसका लाभ नहीं मिल रहा है। मोहनलाल सुराना ने कहा कि प्रसूति विभाग व नेत्र विभाग की जो सेवाएं मिल रही थी, उसमें भी वर्तमान में व्यवधान आ गया है। उसको पुनः सुचारू किया जाए। प्राचार्य डॉ. वर्मा ने प्रसूति विभाग की डॉ. खुशबू जोशी को पूर्व की भान्ति गंगाशहर अस्पताल में ड्यूटी निर्धारित करने का आदेश विभागाध्यक्ष को दिया। नेत्र चिकित्सक डॉ. संजीव सहगल के सेवानिवृत्त होने के पश्चात गंगाशहर अस्पताल में नेत्र विभाग में ओ.पी.डी. व नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर बन्द हो जाने को ध्यान में रखते हुए नेत्र विभाग के लिए 10-10 दिनों के रोटेशन के अनुसार 3 चिकित्सक लगाने के आदेश जारी किए। साथ ही डॉ. वर्मा ने संयुक्त निदेशक डॉ. देवेन्द्र चौधरी को भी पत्र लिखकर गंगाशहर अस्पताल में नये नेत्र चिकित्सक के पदस्थापन तक वैकल्पिक चिकित्सक की व्यवस्था करने का निवेदन किया है।
डॉ. वर्मा ने गंगाशहर अस्पताल में प्रसूति विभाग के लिए 3 प्रशिक्षित मिड वाइफरी की रोटेशन से व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिससे अस्पताल में प्रसव की समुचित व्यवस्था हो सके। डॉ वर्मा ने कहा कि गंगाशहर में प्रसूति विभाग की बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। किन्तु वर्तमान में एक महीने में कम से कम 10 प्रसव का लक्ष्य पूरा करने का दायित्व अस्पताल प्रशासन व विभाग के चिकित्सकों व स्टाफ का होगा। डॉ. वर्मा ने कहा कि अस्पताल में इन डोर सेवाएं व प्रयोगशाला के ऑन लाइन सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि अच्छी संख्या में रोगियों की संख्या व उनकी चिकित्सा के अच्छे संसाधनों के बावजूद रिकॉर्ड में वे प्रतिबिम्बित नहीं होने से अस्पताल क्रमोन्नत नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल को 100 बेड के सेटेलाइट अस्पताल में क्रमोन्नत करने व यहां प्रसूति विभाग की समुचित व्यवस्था के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजे हुए हैं ‌।
मोहन सुराना ने कहा कि गंगाशहर अस्पताल आस-पास के लगभग 10 गांवों के 2 लाख से अधिक व्यक्तियों को चिकित्सा की सुविधाओं के लिए अनुकूल है।
जतनलाल दूगड़ ने कहा कि सांयकालीन व रात्रिकालीन आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग से एस.आर. की नियुक्ति होनी चाहिए। डॉ. वर्मा ने आश्वासन दिया कि 10-15 दिनों में जल्दी ही 37 जे.आर. की नियुक्ति प्रस्तावित है। उनकी नियुक्ति होते ही गंगाशहर अस्पताल में उपयुक्त संख्या में उन्हें लगाया जा सकेगा।
प्रिंसिपल डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने गंगाशहर अस्पताल में आभा, आई.एच.एम.एस. एवं मा योजना की अधिकतम उपयोग करने से अस्पताल की आर.एम.आर.एस. की आय भी बढ़ेगी व इसका अस्पताल के विकास में समुचित उपयोग किया जा सकेगा। डॉ. वर्मा ने कहा कि 1-2 दिनों में वे स्वयं अस्पताल में आकर सारी स्थिति की जानकारी लेंगे।
बच्छराज रांका ने बताया कि वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन सुराना, विमल पारीक, जतन दूगड़ आदि प्रतिनिधि मण्डल में शामिल सदस्यों ने डॉ. वर्मा को तुरन्त आदेश व कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रेषक
जतनलाल दूगड़
गंगाशहर नागरिक परिषद्

Categories:
error: Content is protected !!