बीकानेर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीनासर में नो बैग डे के अवसर पर तंबाकू एवं नशा विरोधी जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने “नशे को ना कहें” का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने शिक्षिका तनीषा बिंदोरिया के निर्देशन में आकर्षक पोस्टर तैयार कर नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को उजागर किया। वरिष्ठ शिक्षक सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने के लिए “Say No to Drugs” की शपथ दिलाई।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. करनीदान कच्छवाह ने विद्यार्थियों को नशे से सदैव दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की बढ़ती समस्या के प्रति जागरूक होकर समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।








