फार्मासिस्टों ने विभिन्न भत्तों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज बीकानेर के फार्मासिस्टों ने 7वें केंद्रीय वेतन आयोग एवं अन्य राज्यों में देय भत्तों की तर्ज पर राजस्थान में भी विभिन्न भत्ते स्वीकृत करने की मांग उठाई है। इस संबंध में राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर निशांत जैन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

संघ के अध्यक्ष गोरधन राम जाट ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट पिछले 14 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। कोविड-19 और स्वाइन फ्लू जैसी महामारियों के दौरान भी उन्होंने जोखिम उठाकर मरीजों को दवाइयां, ऑक्सीजन एवं वैक्सीन उपलब्ध करवाई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें विभिन्न भत्तों का लाभ नहीं मिल रहा है।

ज्ञापन में 5,125 रुपये पेशेंट केयर एवं जोखिम भत्ता, 5,000 रुपये वार्षिक ड्रेस/एप्रन भत्ता, 50 रुपये प्रतिरात्रि नाइट ड्यूटी भत्ता, 1,450 रुपये मासिक मेसिंग भत्ता तथा 180 रुपये मासिक वाशिंग भत्ता स्वीकृत करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 15 सितंबर 2023 की बैठक में सहमति बनने के बावजूद मामला लंबित है। उन्होंने राज्य सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर भत्तों के आदेश जारी करने की मांग की। इस दौरान फारूक पंवार, सोम प्रकाश, अभिमन्यु सिंह, पारुल शर्मा और सोनाली शर्मा सहित फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।

Categories:
error: Content is protected !!