बालिका सशक्तिकरण से ही होगा विकसित समाज का निर्माण
बीकानेर, 3 सितम्बर। प्लान इंडिया द्वारा बालिका सशक्तिकरण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला गुरुवार को सागर होटल में आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के साथ शिक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योगपति, शिक्षामित्र तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े अनेक लोग शामिल हुए। इस दौरान बालिका शिक्षा, स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, महिला सशक्तिकरण तथा समाज के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैन गोदारा, राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेंद्र पुरोहित तथा उद्यमी रामरतन धारणिया अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि किसी भी समाज का वास्तविक और संतुलित विकास तभी संभव है, जब महिला और पुरुष दोनों को समान अवसर मिलें और दोनों समान रूप से विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा केवल एक परिवार के विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत बनाने का आधार है।
वक्ताओं ने कहा कि आज भी अनेक बालिकाएं सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा बीच में छोड़ देती हैं। ऐसी बालिकाओं को चिन्हित कर उन्हें पुनः विद्यालयों और शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसके लिए केवल सरकारी योजनाएं ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज, परिवार, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और उद्योग जगत को भी सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर महिला परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिला सशक्तिकरण से बाल विवाह, अशिक्षा, भेदभाव और अन्य सामाजिक चुनौतियों को कम करने में भी मदद मिलती है। विकसित समाज की संकल्पना को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच रखते हुए उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने होंगे।
प्लान इंडिया की प्रोग्राम मैनेजर नैरीता बनर्जी ने संस्था द्वारा बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। जिला समन्वयक ज्ञानेंद्र श्रीमाली ने जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों और बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर चंद्रशेखर श्रीमाली ने किया।
कार्यक्रम में प्लान इंडिया के स्टेट समन्वयक फतह सिंह, जनसंपर्क कार्यालय के उपनिदेशक डॉ हरिशंकर आचार्य, रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक हरगोविंद मित्तल, डॉ. मनोज गौड़, प्रयाग चांडक, अनुज मित्तल, सीए सुधीश शर्मा, सुनील सारडा, सुरेश पेड़ीवाल, भारत भूषण गुप्ता, कन्हैयालाल बोथरा, सोहनलाल बैद, किशन मोदी, सुनील पुरोहित, गोपाल जोशी तथा अमित व्यास सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।






