रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स ने शुरू की ‘For Us, You First’ स्वास्थ्य पहल

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बीकानेर, 5 जुलाई। रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स ने सेवा कार्यों में एक अभिनव पहल करते हुए अपने सदस्यों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से “For Us, You First – स्वस्थ रोटेरियन, सशक्त सेवा” अभियान का शुभारंभ किया। जीवन रक्षा हॉस्पिटल, बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा ने कहा कि रोटरी का प्रत्येक सदस्य समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है, लेकिन यदि स्वयं का स्वास्थ्य बेहतर होगा तभी सेवा भी अधिक प्रभावी और निरंतर हो सकेगी। इसी विचार को साकार करने के लिए यह पहल शुरू की गई है।
इस अवसर पर क्लब और जीवन रक्षा हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से प्रत्येक रॉयल्स सदस्य को उनके जन्मदिवस पर निःशुल्क फुल बॉडी हेल्थ चेक-अप एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। इस सुविधा का लाभ सदस्यों को “मेडिकल चेकअप कार्ड” के माध्यम से मिलेगा।
कार्यक्रम के मुख्य सहयोगी रोटे. डॉ. विकास पारीक ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अनेक गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान एवं उपचार का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने क्लब की इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि यदि सेवा करने वाले स्वयं स्वस्थ रहेंगे तो समाज को उसका अधिक लाभ मिलेगा।
योजना का शुभारंभ प्रथम लाभार्थी रोटे. डॉ. राहुल कुमार राय को मेडिकल चेकअप कार्ड प्रदान कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे रोटरी की सेवा यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में क्लब सचिव रोटे. जगदीप सिंह ओबेरॉय, पूर्व अध्यक्ष रोटे. सुनील चमारिया, रोटे. पंकज पारीक, डॉ. दिनेश अग्रवाल, डॉ. बजरंग टाक, रोटे. शिशिर शर्मा, रोटे. राजीव अग्रवाल, रोटे. विनोद माली, रोटे. सुनील गेरा एवं रोटे. संजय गहलोत सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में क्लब की ओर से जीवन रक्षा हॉस्पिटल एवं रोटे. डॉ. विकास पारीक का इस जनहितैषी एवं प्रेरणादायी पहल में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
“हम स्वयं होंगे फिट… तो दूसरों की सेवा होगी सुपर हिट” के संदेश के साथ रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स ने यह संकल्प दोहराया कि सेवा की शुरुआत स्वयं के स्वास्थ्य से होगी, क्योंकि “स्वस्थ रोटेरियन ही समाज की बेहतर और प्रभावी सेवा कर सकता है।”

Categories:
error: Content is protected !!