एक्टर विजय तमिलनाडु के CM होंगे:राज्यपाल को 118 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा, सरकार बनाने की मंजूरी मिली; कल शपथ संभव
चेन्नई

विजय ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक सस्पेंस खत्म हो गया है। TVK चीफ और एक्टर विजय मुख्यमंत्री बनेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने की मंजूरी दे दी है। विजय कल CM पद की शपथ ले सकते हैं।
विजय ने शुक्रवार को लोकभवन में लगातार तीसरे दिन राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने राज्यपाल को TVK, कांग्रेस, CPI, CPI(M) और VCK के कुल 118 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 234 में से 108 सीटें जीती हैं। इनमें दो सीटों पर विजय जीते हैं। उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। ऐसे में कुल विधायक 107 हैं। कांग्रेस के 5 और CPI, CPI(M), VCK के 2-2 विधायकों के समर्थन से TVK ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है।
इससे पहले विजय ने 6 और 7 मई को भी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना वे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते।
TVK समर्थकों ने लोकभवन के सामने प्रदर्शन किया
- TVK को बहुमत नहीं मिलने के केस में DMK और AIADMK में गठबंधन के बाद सरकार गठन की अटकलें हैं। TVK ने कहा कि अगर दोनों पार्टियों ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, तो उसके सभी विधायक इस्तीफा दे देंगे।
- TVK समर्थकों ने शुक्रवार सुबह गवर्नर हाउस (लोकभवन) के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की। पुलिस ने कई समर्थकों को हिरासत में लिया।
- कांग्रेस से गठबंधन टूटने के बाद DMK ने लोकसभा में अपने सांसदों की सीट बदलने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि गठबंधन टूटने के बाद सदन में कांग्रेस के साथ बैठना सही नहीं है।
तमिलनाडु में सरकार गठन से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए
TVK को सरकार बनाने के लिए बुलाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका
तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को TVK को सरकार बनाने के लिए बुलाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिकाकर्ता एझिलारसी ने खुद को पार्टी का सदस्य बताते हुए कोर्ट से कहा कि TVK को राज्य में सबसे ज्यादा सीटें मिली हैं।
ऐसे में राज्यपाल द्वारा TVK चीफ को सरकार बनाने के लिए न बुलाना संविधान के खिलाफ है। कोर्ट को हस्तक्षेप कर राज्यपाल को निर्देश देना चाहिए कि TVK को सरकार बनाने के लिए बुलाए। हालांकि TVK सूत्रों ने इस बात से इनकार किया है कि पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में कोई अर्जी दी है।
कांग्रेस नेता बोले- TVK को समर्थन देना पीठ में छुरा घोंपना नहीं
DMK से सालों पुराना गठबंधन तोड़कर TVK को समर्थन देने पर कांग्रेस नेता के. सेल्वपेरुंथगई ने कहा- यह पीठ में छुरा घोंपना नहीं है। यह संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना है।







