विश्व साक्षरता दिवस पर राज्य स्तरीय साक्षरता कर्मियों का होगा सम्मान
बीकानेर। भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ, राजस्थान शाखा के तत्वावधान में आगामी 8 सितंबर को विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर साक्षरता दिवस कार्यक्रम एवं राज्य स्तरीय साक्षरता कर्मी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों एवं सम्मान समारोह में चयनित किए जाने वाले साक्षरता कर्मियों के चयन को लेकर रविवार को संस्था कार्यालय में चयन समिति की आवश्यक बैठक आयोजित हुई।
बैठक में राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने वाले साक्षरता कर्मियों के नामों पर प्रारंभिक चर्चा की गई। इसके साथ ही कार्यक्रम के आयोजन, सम्मान समारोह तथा अन्य गतिविधियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समिति ने निर्णय लिया कि आगामी बैठक में सम्मानित किए जाने वाले साक्षरता कर्मियों के नामों का अंतिम चयन किया जाएगा।
बैठक में भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ, राजस्थान शाखा के अध्यक्ष राजेन्द्र जोशी, सचिव ओमप्रकाश सारस्वत, कोषाध्यक्ष लीलाधर बोहरा तथा चयन समिति के सदस्य अवधेश शर्मा उपस्थित रहे। समिति ने विश्व साक्षरता दिवस के आयोजन को प्रभावी एवं सार्थक बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की।








