आखिर राहुल गांधी ने क्यों बना रखी है मरुधरा से दूरी, चुनावी घमासान में 49 दिन बाद भी क्या गहलोत की वजह से अटका दौरा

TIN NETWORK
FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

आखिर राहुल गांधी ने क्यों बना रखी है मरुधरा से दूरी, चुनावी घमासान में 49 दिन बाद भी क्या गहलोत की वजह से अटका दौरा

Rajasthan Chunav: राजस्थान में विधानसभा चुनाव घमासान तेज होने के बावजूद राहुल गांधी राजस्थान में अभी तक नहीं आए हैं। इसके पीछे के कारण के बारे में सवाल उठ रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसके पीछे शायद सीएम अशोक गहलोत का हाथ है। इसके अलावा राहुल गांधी और गहलोत के बीच मतभेदों की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

जयपुर: राजस्थान में विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियों के स्टार प्रचारकों का अभियान शुरू हो चुका है। बीजेपी की ओर से पीएम मोदी राजस्थान की कमान संभाले हुए हैं। इस बीच सियासत में राहुल गांधी के राजस्थान में अब तक नहीं आने को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि क्या कारण है कि राहुल गांधी राजस्थान के चुनाव को लेकर दूरी बनाए हुए हैं। जबकि अब राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 2 सप्ताह का समय शेष बचा है। राजनीतिक जानकार राहुल गांधी की राजस्थान से दूरी को लेकर मायने निकाल रहे हैं। चर्चा यह भी है कि राहुल गांधी राजस्थान में नहीं आए इसको लेकर सीएम गहलोत भी यहीं चाहते हैं। बता दें कि अब तक राजस्थान में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी ने ही कमान संभाल रखी है। दोनों ही नेता राजस्थान में अब तक दो-दो रैलियां कर चुके हैं। लेकिन राहुल गांधी की मानगढ़ के बाद कोई रैली नहीं हुई। हालांकि 49 दिन पहले राजधानी जयपुर में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के नए भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में हुई सभा को संबोधित किया था।

चुनाव की घोषणा के बाद भी अब तक क्यों नहीं आए राहुल गांधी

विधानसभा चुनाव नजदीक होने के साथ राजस्थान की सियासत में यह सवाल काफी घूम रहा है। आखिर चुनाव नजदीक आने के बाद भी राहुल गांधी राजस्थान के लिए क्यों उदासीन बने हुए हैं। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस की दो बड़ी रैलियां हो चुकी हैं। जिनको राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संबोधित किया। इनमें 16 अक्टूबर को बारां जिले में और 6 नवंबर को जोधपुर में हुई। यहां भी राहुल गांधी नहीं आए। इसके अलावा प्रियंका गांधी के दौसा और टोंक में दो रैलियां भी हो चुकी है। यहां भी राहुल गांधी ने दूरी बनाए रखी। इससे पहले राहुल गांधी 9 अगस्त को बांसवाड़ा जिले के मानगढ़ में अंतिम बार रैली में आए थे। इसके बाद 23 सितंबर को जयपुर में पार्टी के नए भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे।

क्या गहलोत के कारण नहीं आ रहे हैं राहुल गांधी

राजस्थान की सियासत में राहुल गांधी के नहीं आने को लेकर काफी चर्चा है। इसको लेकर राजनीतिक जानकार अपने-अपने मायने निकाल रहे हैं। चर्चा है कि सीएम अशोक गहलोत ही नहीं चाहते हैं कि राहुल गांधी इस बार राजस्थान में रूचि दिखाएं। इसके पीछे की वजह को लेकर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सचिन पायलट राहुल गांधी के करीबी है। ऐसी स्थिति में राहुल गांधी के आने से सचिन पायलट को वेटेज मिलेगा। इसको लेकर राहुल गांधी भी उनकी मंशा समझ गए हैं। संभवत: इस कारण भी राहुल गांधी राजस्थान से दूरी बनाए हुए हैं।

टिकट वितरण के दौरान राहुल गांधी और गहलोत में दिखे मतभेद

सियासत में इस बात को लेकर काफी चर्चा है कि इस बार सीएम अशोक गहलोत अपने समर्थकों को टिकट दिलाने के लिए अड़े रहे। इसके कारण उनके और राहुल गांधी के बीच में मतभेद भी नजर आए हैं। ‘न्यूज़ 18 चैनल’ की एक खबर के अनुसार उम्मीदवारों की लिस्ट पर विचार करते समय केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में गहलोत और राहुल गांधी के बीच किसी बात को लेकर तकरार भी हुई। इस मामले में खुद सोनिया गांधी ने हस्तक्षेप किया और गहलोत को धीमी आवाज में बात करने के लिए कहा। इसके बाद खफा हुए राहुल गांधी बैठक छोड़कर चले गए। इस घटना को लेकर सियासी गलियारों में राजस्थान में नहीं आने के पीछे राहुल गांधी की नाराजगी को जोड़कर देखा जा रहा है।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!