पाकिस्तान लौटा जैसलमेर आया लेपर्ड:तारबंदी के पार जाते दिखे पगमार्क, 4 साल पहले भी आ चुका है भारत

जैसलमेर। तारबंदी पार कर पाकिस्तान गया जैसलमेर आया लेपर्ड। (फाइल)
जैसलमेर के सरहदी इलाकों में आया लेपर्ड पाकिस्तान चला गया है। भारेवाला से लगती भारत-पाक सरहद पर तारबंदी के पास उसके पगमार्क देखे गए, जो तारबंदी से पार पाकिस्तान जाते नजर आ रहे हैं। वन विभाग का मानना है कि ये लेपर्ड वही है जो करीब चार साल पहले भी तारबंदी पार कर जैसलमेर के शाहगढ़ इलाके में आया था। तब भी वन विभाग ने पिंजरा लगाया था, मगर वह पाकिस्तान लौट गया था। वन विभाग के DFO पंकज गुप्ता का मानना है कि ये वही लेपर्ड हो सकता है जो 4 साल पहले भी आया था। हो सकता है ये पाकिस्तान के इलाके में ही भटक रहा हो और यहां पशुपालकों के पशु उसे आहार में मिल जाते होंगे इसलिए वो सरवाइव कर रहा है।

पिंजरे के साथ वन विभाग की रेस्क्यू टीम।
पंकज गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात तक लेपर्ड के पंजों के निशान का पीछा करने पर वो तारबंदी से पार जाते नजर आ रहे हैं। ऐसे में वन विभाग की टीम का मानना है कि वो पाकिस्तान की तरफ चला गया है। मगर वन विभाग की टीम उसके दुबारा लौट आने के इंतजार में पिंजरा लेकर बैठी है ताकि अगर वो 1 या 2 दिन में दुबारा लौटे तो पकड़ा जाए।
तारबंदी के पार नजर आए पंजों के निशान
पंकज गुप्ता ने बताया कि जोधपुर से वन विभाग की टीम के साथ पिंजरा भी मंगवाया गया है। हालांकि लेपर्ड के आखरी बार पगमार्क भारत-पाकिस्तान सरहद की तारबंदी के पास देखे गए हैं। इससे ये साफ हो गया है कि लेपर्ड पाकिस्तान से ही आया और वहीं लौट गया है। वन विभाग कि टीम वहीं है और नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि ये वही लेपर्ड है जो 4 साल पहले शाहगढ़ एरिया में दिखा था और वो भी तारबंदी के पार चला गया था। हालांकि पशुपालकों ने लेपर्ड के बॉर्डर पार चले जाने से राहत की सांस ली है।

खेतों में नजर आए लेपर्ड के पंजों के निशान।
बकरी का किया था शिकार
नहरी क्षेत्र के चक 6 DKWM ढाकलवाला निवासी इस्माइल खां पुत्र गुल मोहम्मद रविवार की रात अपनी ढाणी में सो रहा था। उसी रात करीब 2 बजे ढाणी के बाहर बैठी बकरी पर लेपर्ड ने हमला किया और करीब 2 किलोमीटर दूर घसीटकर ले जाकर शिकार बनाया। सोमवार सुबह जब घर के आगे बकरी नहीं मिली तो इस्माइल खां ने पड़ौसियों से इधर-उधर पूछताछ की। इसके बाद इस्माइल खां, अब्दुला खां, जमशेर खां व आरिफ खां बकरी की तलाश करने निकले और एक किलोमीटर घूमने के बाद उन्हें बकरी मृत हालत में मिली।
पशुपालक पर भी किया हमला
बकरी के पास जंगली जानवर के पैरों के निशान देखे तो उसकी तलाश करने लगे। उनके अनुसार करीब 2 किलोमीटर दूरी तय करने के बाद धोरों व झाडिय़ों में छिपे लेपर्ड को देखा, जिसने इस्माइल खां पर हमला कर चोटिल कर दिया। चिल्लाने पर वह भाग गया। इस्माइल खां का भारेवाला गांव के हॉस्पिटल में इलाज करवाया गया। उसने इसकी सूचना वन विभाग व पुलिस को दी।
Add Comment