NATIONAL NEWS

राजस्थान ग्रामीण ओलम्पिक खेलों से संबंधित वीडियो कांफ्रेंस आयोजित 50 लाख प्रतिभागी लेंगे भाग, वर्ल्ड रिकाॅर्ड बनाने की तैयारी

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


जयपुर/बीकानेर, 8 सितम्बर। राजस्थान ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के आयोजन के लिए गठित समिति की बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बुधवार को आयोजित हुई। बैठक में युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री श्री अशोक चांदना और मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
श्री चांदना ने कहा कि राज्य में आयोजित होने वाले राजस्थान ग्रामीण ओलम्पिक खेल, ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का अवसर देने के साथ ही गांवों में खेल का माहौल तैयार करने में सहायक होंगे। श्री चांदना ने कहा कि राजस्थान ग्रामीण ओलम्पिक खेल देश ही नही बल्कि पूरे विश्व में आयोजित होने वाला अपनी तरह का सबसे बड़ा खेल आयोजन होगा, जिसमें करीब 50 लाख प्रतिभागी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों की संख्या के लिहाज से इस आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज करवाने का प्रयास भी किया जायेगा।
श्री चांदना ने बताया कि इन खेलों में कबड्डी, शूटिंग वॉलीबाल, टेनिस बॉल क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबाल और हॉकी को सम्मिलित किया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत मे सम्मिलित सभी राजस्व गांवोें की टीम बनाई जाएगी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर विजेता टीम ब्लॉक स्तर पर, ब्लॉक स्तर पर विजेता टीम जिला स्तर पर और जिला स्तर पर विजेता टीम राज्य स्तर पर खेलेगी।
मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री की वर्ष 2021-22 की बजट घोषणा के अनुरूप ग्राम स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज कर आगे लाने के लिए राज्य खेलों की तर्ज पर ग्राम पंचायत स्तर, ब्लॉक स्तर, जिला स्तरीय व राज्य स्तरीय राजस्थान ग्रामीण ऑलम्पिक खेलों का आयोजन किया जाएगा।
श्री आर्य ने कहा कि प्रदेश में राज्य स्तरीय खेलों के सफल आयोजन के बाद ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का आयोजन ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने खेल राज्य मंत्री को राजस्थान की 5 प्रतिभाओं द्वारा टोक्यो पैरालिम्पिक खेलों में पदक जीतने पर बधाई भी दी।
युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव श्री विकास भाले ने बताया कि विभाग द्वारा इन खेलोें में पंचायत स्तर पर खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के लिए एक एप और वेबपोर्टल तैयार किया गया है। जिस पर जाकर खिलाड़ी संबंधित खेल में अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में ग्राम पंचायत स्तर पर इन खेलों का अयोजन एक ही दिन में करवाया जायेगा। खेलों का आयोजन माह नवम्बर व दिसम्बर में प्रस्तावित हैं।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूूल शिक्षा विभाग श्री पवन कुमार गोयल,प्रमुख शासन सचिव ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग श्रीमती अपर्णा अरोड़ा,प्रमुख शासन सचिव जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग श्री शिखर अग्रवाल,शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग श्री सिद्वार्थ महाजन सहित सभी संभागीय आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टरों और समस्त जिला खेल अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
जिले से इनकी रही भागीदारी
राज्य ग्रामीण ओलिम्पिक खेलों से सम्बंधित बैठक में संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ. राजकुमार शर्मा और जिला खेल अधिकारी कपिल मिर्धा ने राजीव गांधी सेवा केंद्र से ऑनलाइन माध्यम पर भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त ने कहा कि संभाग के चारों जिलों की 32 पंचायत समितियों की 1 हजार 284 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का आयोजन होगा। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग, प्रशासन के साथ समन्वय रखते हुए ‘टीम भावना’ के साथ कार्य करेगा और ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के आयोजन में महत्ती भूमिका निभाएगा।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
error: Content is protected !!