राजस्थान में आज भी बारिश की संभावना, घना कोहरा छाया:अक्टूबर में अब तक 443 फीसदी ज्यादा बरसात हुई; अब बदलेगा मौसम
राजस्थान में आज सुबह से ही उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में सुबह-सुबह कोहरा छाया रहा। बीकानेर, सीकर और चूरू में घना कोहरा रहा। हालात ऐसे बन गए कि बीकानेर-जयपुर नेशनल हाइवे पर लोगों को गाड़ी किनारे खड़ी करके कोहरा कम होने का इंतजार करना पड़ा। खेतों में कोहरा ऐसा लगा मानों बादल जमीन पर उतर आए। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आज बारां और धौलपुर में हल्की बारिश हो सकती है। शेष राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।
वहीं, राजस्थान पिछले कुछ दिनों से चल रहा बादल-बारिश का दौर कल से थम सकता है। 12 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने के साथ धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो कल से प्रदेश में पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ने लगेगा और तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी।

पिछले 24 घंटे में चूरी में हल्की बारिश हुई। सुबह खेतों में कोहरा छाया रहा।
पिछले 24 घंटे की रिपोर्ट देखे तो राज्य के बारां, झालावाड़, सीकर, धौलपुर, झुंझुनूं, चूरू और भरतपुर बेल्ट में कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। सबसे ज्यादा 22MM बरसात बारां जिले के अंता कस्बे में हुई। प्रदेश में मौसम के इस बदलाव से कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। पिलानी, अलवर, चूरू, गंगानगर, धौलपुर में कल दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा, जो सामान्य से काफी कम रहा। इन जिलों के अलावा सीकर और हनुमान में भी कल दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
मौसम विशेषज्ञों की माने तो पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, संभाग के जिलों में अब वेस्टर्न विंड (पश्चिमी हवाएं) एक्टिव होने लगी है, जिससे इन संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहने लगेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 2-3 दिन दिनों में इन वेस्टर्न विंड का असर राज्य के पूर्वी हिस्सों तक बढ़ जाएगा, जिससे राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा।
बीकानेर-जयपुर नेशनल हाइवे पर लोगों को गाड़ी किनारे खड़ी करके कोहरा कम होने का इंतजार करना पड़ा।
सुबह छाया कोहरा
बारिश-बादल के बाद आज जब सुबह मौसम खुला तो उत्तरी राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर, अलवर बेल्ट में कहीं जगह सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे के कारण सुबह-सुबह हाइवे पर वाहन चालकों को गाड़ियों की हैड लाइट जलानी पड़ी। वहीं तापमान भी कम होने से लोगों को सुबह-सुबह हल्की गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा। इन जिलों में बीती रात न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

सीकर के हर्ष पर्वत पर सुबह छाया कोहरा। कोहरे के चलते यहां विजिबिलिटी 25% तक भी कम रही।
आज पूर्वी राजस्थान में हो सकती है हल्की बूंदाबांदी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आज भी प्रदेश में पूर्वी राजस्थान के बारां, धौलपुर जिलों में देर शाम कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। शेष राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि शेष राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। 12 अक्टूबर से राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी। इस तरह अगले 2-3 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अक्टूबर में अब तक सामान्य से 443 फीसदी ज्यादा बरसात
राजस्थान में पोस्ट मानसून में इस बार बारिश अच्छी हुई। यही कारण रहा कि इस बार अक्टूबर में अब तक सामान्य से 443 फीसदी ज्यादा बरसात हुई है। अमूमन 10 अक्टूबर तक पूरे राज्य में औसत 5.7MM बारिश होती है, लेकिन इस बार 31MM बरसात अब तक हो चुकी है। सबसे ज्यादा बरसात करौली जिले में हुई जहां 170.8MM बरसात हुई, जो औसत बरसात 6.8MM से कई गुना अधिक है, जबकि बाड़मेर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और जैसलमेर जिले ऐसे है जहां अब तक इस महीने में बिल्कुल बारिश नहीं हुई।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
अजमेर | 31.6 | 21.6 |
अलवर | 25.8 | 21.5 |
बाड़मेर | 36.6 | 22.6 |
भीलवाड़ा | 32.3 | 20.5 |
बीकानेर | 33.4 | 21 |
चित्तौड़गढ़ | 30.5 | 20.6 |
चूरू | 27.5 | 19.2 |
जयपुर | 31 | 22.4 |
जैसलमेर | 36.3 | 21.5 |
जोधपुर | 34.8 | 21.8 |
कोटा | 31.3 | 23.3 |
सीकर | 29 | 19 |
गंगानगर | 28.4 | 21.1 |
उदयपुर | 31.8 | 19.8 |
बूंदी | 31.2 | 23 |
नागौर | 34.1 | 19.5 |
टोंक | 32.1 | 24.2 |
बारां | 31.1 | 23.2 |
हनुमानगढ़ | 27.3 | 20.6 |
जालौर | 36.8 | 19.6 |
सिरोही | 34.8 | 17.3 |
करौली | 30.5 | 24.1 |
बांसवाड़ा | 32.1 | 25.5 |

Add Comment