सर्राफा व्यापारी भाईयों से ज्वेलरी भरा बैग लूटा:दो बाइक पर आए 4 बदमाश; ललकारा तो फायर कर दी गोली

गोली लगने से घायल सर्राफा व्यापारी रवि सोनी को भीलवाड़ा रेफर किया गया।
भीलवाड़ा में सर्राफा व्यापारी भाइयों से 20 लाख से ज्यादा कीमत की ज्वेलरी की लूट का मामले सामने आया है। लुटेरों ने सर्राफा व्यापारी और उसके सहयोगी को चलती बाइक से लात मारकर गिरा दिया, जिसके बाद बैग छीनकर भागने लगे। इस बीच पीछे आ रहा भाई लुटेरों से भिड़ गया। इसके बाद लुटेरों ने दो राउंड फायर किए, जिसमें सर्राफा कारोबारी और उसका भाई घायल हो गया।
गुलाबपुरा थाना इंचार्ज सुगन चंद ने बताया- वारदात की सूचना रात 8:30 बजे मिली। इसके बाद मैं और डीएसपी लोकेश मीणा मौके पर पहुंचे। इलाके के लोगों से पूछताछ की। पूरे जिले में वायरलैस पर अलर्ट कर नाकाबंदी कराई। वारदात में किसी जानकार का हाथ है या रेकी कर लूट की गई है। इन दोनों एंगल से भी मामले की जांच कर रहे हैं।

सर्राफा व्यापारी रवि सोनी के हाथ में गोली लगी। हॉस्पिटल में गोली निकाली गई।
बड़े भाई रवि ने बताया पूरा घटनाक्रम
गोली लगने से घायल हुए रवि सोनी (28) ने बताया- मैं और मेरा भाई विनोद सोनी (26) टोकरवाड़ा गांव में रहते हैं। घर से 6 किलोमीटर दूर रूपाहेली भट्टा इलाके में ज्वेलरी की दुकान है। रोजाना शाम 7 बजे के आस-पास दुकान बंद कर बाइक से घर जाते हैं। दुकान पर महेंद्र वैष्णव भी सहयोगी के तौर पर काम करता है। वह पारिवारिक मित्र है।

रविवार शाम 7.15 बजे दुकान से विनोद और महेंद्र बाइक पर निकले। उनके पास ज्वेलरी का बैग था। बैग में 300 ग्राम सोना और 2 किलो चांदी थी। उनके पीछे मैं मोपेड पर निकला। मेरी स्पीड कम थी। वे कुछ मीटर दूर ही आगे चल रहे थे। दुकान से करीब 3 किलोमीटर दूर चलने के बाद रात 7.45 बजे के करीब भड़ाना का खेड़ा गांव की सुनसान सड़क पर दो बाइक पर 4 लोग आए। इनमें से एक बिना नंबर की पल्सर बाइक थी। पीछे बैठे युवकों के हाथ में डंडे थे।

वारदात का पता चला तो हॉस्पिटल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
चलती बाइक के हैंडल पर लात मारकर गिराया
रवि ने बताया- उन्होंने विनोद की चलती बाइक के हैंडल पर लात मार दी। विनोद और महेंद्र सड़क पर गिर पड़े। बाइक से उतरकर वे लोग बैग छीनने लगे और मारपीट की। मैं जोर से चिल्लाया और उन्हें ललकारा। इसके बाद मैं उनसे भिड़ गया। एक बदमाश ने पिस्टल निकाल गोली चला दी। गोली मेरी हथेली में लगी। उसने दूसरा फायर भाई विनोद पर किया, जो उसके कंधे को छूती गोली निकल गई। हम दोनों लहूलुहान हो गए। महेंद्र बाइक से गिरने से घायल हो गया था। इसके बाद वे बैग लेकर फरार हो गए। वारदात चंद मिनटों में हो गई।
गोलियों की आवाज सुनकर लोग दौड़ते हुए आए। रोजाना का रूट रहने के कारण गांव के लोग हमें जानते थे। उन्होंने 108 एंबुलेंस से हमें गुलाबपुरा हॉस्पिल पहुंचाया। वहां तीनों का प्राथमिक उपचार किया गया। मुझे भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।

गोली लगने से व्यापारी का हाथ जख्मी हो गया। गोली हथेली में ही फंसी हुई थी।
नाकाबंदी की, लेकिन नहीं मिला लुटेरों का सुराग
लूट की वारदात के बाद इलाके में रात में नाकाबंदी की गई, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। गुलाबपुरा हॉस्पिटल और भीलवाड़ा जिला हॉस्पिटल में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि हमलावरों ने सर्राफा भाइयों की रेकी की होगी। इसके बाद सुनसान जगह देख वारदात को अंजाम दिया। सर्राफा व्यापारी महावीर सोनी के बेटों विनोद और रवि से लूट और गोली चलाकर घायल करने के मामले में टोकरवाड़ा गांव समेत आस-पास के इलाके में लोगों में आक्रोश है। लुटेरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई है। फिलहाल गुलाबपुरा हॉस्पिटल में विनोद और महेंद्र का इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक लूट की ज्वेलरी की बाजार वेल्यू 20 लाख रुपए से ज्यादा है।
Add Comment