पेरिस ओलिंपिक में भारत को पहला मेडल:मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में ब्रॉन्ज जीता, शूटिंग में मेडल दिलाने वाली पहली महिला

मनु भाकर 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में 221.7 पॉइंट्स हासिल कर ब्रॉन्ज जीता।
पेरिस ओलिंपिक्स में भारतीय शूटर मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। ओलिंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल दिलाने वाली मनु पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने फाइनल में 221.7 पॉइंट्स के साथ कांस्य जीता।
2021 के टोक्यो ओलिंपिक में मनु की पिस्टल खराब हो गई थी। 20 मिनट तक वे निशाना नहीं लगा पाईं। पिस्टल ठीक हुई, तब भी मनु सिर्फ 14 शॉट लगा पाईं और फाइनल की रेस से बाहर हो गईं थीं। मनु निराश थीं लेकिन उन्होंने वापसी की और पेरिस ओलिंपिक्स में भारत को मेडल दिलाया।
इस इवेंट में कोरिया की ओह ये जिन ने गोल्ड जीता। उन्होंने 243.2 पॉइंट स्कोर करके ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाया। कोरिया की ही किम येजी ने सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 241.3 पॉइंट बनाए।
शूटिंग में 12 साल बाद मेडल दिलाया
मनु भाकर ने भारत को ओलिंपिक में 12 साल बाद शूटिंग का मेडल दिलाया है। भारत को इस खेल में आखिरी ओलिंपिक मेडल 2012 में मिला था। यह शूटिंग में भारत का अब तक का 5वां मेडल है। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 2004 में सिल्वर, अभिनव बिंद्रा ने 2008 में गोल्ड और 2012 में विजय कुमार ने सिल्वर और गगन नारंग ने ब्रॉन्ज जीता था।
मनु बोलीं- गीता पढ़ने से मदद मिली
जीत के बाद मनु ने कहा- ‘मैं गीता बहुत पढ़ती हूं। इससे फोकस करने में मदद मिलती है। आज के मैच में मैंने आखिर तक टारगेट पर फोकस किया। मैं खुश हूं। भारत इससे ज्यादा डिजर्व करता है। उम्मीद है कि बाकी इवेंट में भारत और मेडल जीतेगा।’
PM मोदी ने फोन पर बात करके बधाई दी
मनु भाकर के ब्रॉन्ज जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन करके बधाई दी। उन्होंने कहा- आपकी सफलता से आनंदित हूं। आगे और अच्छा करेंगी। प्रधानमंत्री ने X पोस्ट पर लिखा- ‘यह एक खास जीत है। मनु भाकर शूटिंग में मेडल जीतने वाली पहली महिला बनी हैं…शानदार उपलब्धि।’
मेडल इवेंट्स के फोटोज…

मेडल जीतने के बाद तिरंगे और अपनी पिस्टल के साथ मनु भाकर।
जीत के बाद अपना ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडल दिखातीं शूटर मनु भाकर।

मनु भाकर का यह दूसरा ओलिंपिक है। इससे पहले वे टोक्यो ओलिंपिक में खेली थीं।

फाइनल के दौरान टारगेट पर निशाना लगातीं मनु भाकर।

महिला शूटिंग में देश को पहला मेडल दिलाने की खुशी।

शूटिंग एरिना में मौजूद फैंस को धन्यवाद देती मनु भाकर।
मनु के ब्रॉन्ज के बाद भारत मेडल टैली में 17वें नंबर पर आया

Add Comment