GENERAL NEWS

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृशक्ति का उत्सव, वैज्ञानिक सोच का भी दिया संदेश

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ, बीकानेर मंडल द्वारा लालगढ़ स्थित बारात घर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली और करीब ढाई सौ मातृशक्ति ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर महिला दिवस को उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया।

कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष दीप्ति गोविंल, महिला समिति की उपाध्यक्ष सुषमा यादव, सचिव रेनू सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी शैलेश चौधरी, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र चावला, लालगढ़ शाखा सचिव शौकत कोहरी तथा मजदूर संगठन अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महिलाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर, संगीत कार्यक्रम और चम्मच रेस जैसी रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का माहौल हंसी-खुशी और उत्साह से सराबोर रहा।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति विशेषज्ञ राकेश शर्मा द्वारा दी गई, जिन्होंने तथाकथित चमत्कारों की वैज्ञानिक व्याख्या प्रस्तुत करते हुए समाज में वैज्ञानिक सोच विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान हमें अंधविश्वास से दूर रहकर तर्क, प्रयोग और प्रमाण के आधार पर सोचने की प्रेरणा देता है। आज समाज को आवश्यकता है कि बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित किया जाए, ताकि वे अंधविश्वास से दूर रहकर ज्ञान और तर्क के आधार पर आगे बढ़ सकें।

राकेश शर्मा ने कई वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से तथाकथित चमत्कारों का जीवंत प्रदर्शन भी किया। इनमें त्रिशूल को जीभ से आर-पार करना, कागज से रुपये बनाना, भूत उतारकर भस्म करना और पूर्वजों तक जल पहुंचाने जैसे तथाकथित चमत्कारों की वैज्ञानिक व्याख्या प्रस्तुत की गई। इन प्रदर्शनों के माध्यम से उन्होंने बताया कि ऐसे चमत्कार दरअसल वैज्ञानिक सिद्धांतों और हाथ की सफाई का परिणाम होते हैं।

उन्होंने कहा, “जहाँ ज्ञान का प्रकाश होता है, वहाँ अंधविश्वास का अंधेरा अपने आप मिट जाता है।”

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया और महिला सशक्तिकरण तथा वैज्ञानिक सोच के प्रसार का संदेश दिया गया।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

About the author

THE INTERNAL NEWS

Add Comment

Click here to post a comment

error: Content is protected !!