राजस्थान शिक्षा विभागीय कर्मचारी कल्याण संघ ‘रीवा’ की प्रदेश स्तरीय बैठक बीकानेर में आयोजित

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर हुआ मंथन, संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार

बीकानेर, 15 मार्च 2026। राजस्थान शिक्षा विभागीय कर्मचारी कल्याण संघ (समस्त संवर्ग) ‘रीवा’ की प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को रथखाना कॉलोनी स्थित सभास्थल पर आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भर से आए शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों तथा विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों ने भाग लेकर कर्मचारी हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने और कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी रूप से सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। सर्वसम्मति से कई पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया, जिनमें अभय सिंह राजपुरोहित को प्रदेश महामंत्री, सुरेश कुमार खेशवाणी को प्रदेश कार्यालय एवं संगठन मंत्री, जाकिर हुसैन और भगवान सहाय मीणा को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महावीर सिंह को प्रदेश संयुक्त सचिव, आनंद यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा कृष्ण कुमार शर्मा को प्रदेश उप महामंत्री नियुक्त किया गया।

बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित और महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के प्रमुख बिंदुओं में तृतीय श्रेणी अध्यापकों और कनिष्ठ सहायकों के स्थानांतरण एवं पदोन्नति की प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाने, मंत्रालयिक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित पदोन्नतियों को शीघ्र पूरा करने, एनपीएस कर्मियों की सेवानिवृत्ति प्रक्रिया को सरल बनाने, नव क्रमोन्नत विद्यालयों में आवश्यक पदों का उचित आवंटन सुनिश्चित करने तथा नोशनल लाभ के तहत एसीपी का लाभ दिलाने जैसे मुद्दे शामिल रहे।

इसके साथ ही बैठक में कर्मचारियों से मकान किराया वसूली के प्रकरणों, ग्रीष्मावकाश अवधि निर्धारण, खेल कोटे से नियुक्तियों की प्रक्रिया, आर.के. भवन सुधार कार्य तथा समस्त संवर्गों की पदोन्नति से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर प्राथमिकता से होना चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बन सके।

बैठक के दौरान स्वर्गीय कृपा शंकर व्यास (निवासी धोबीधोरा, बीकानेर) को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनकी स्मृति में उपस्थित सदस्यों को उनके द्वारा संकलित वेतनमान संबंधी पुस्तक निःशुल्क वितरित की गई, जिसे कर्मचारियों के लिए उपयोगी बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से भगवान सहाय मीणा, विश्व प्रिय आचार्य तथा प्रकाश नारायण स्वामी का सम्मान कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। बैठक को भीष्म महर्षि, भंवर प्रजापत, आनंद यादव, मनीष धींगड़ा, अभय सिंह, किशन कुमार शर्मा, प्रदीप जोशी, मुकेश आढ़ा सहित कई गणमान्य सदस्यों ने संबोधित किया।

बैठक में यह संकल्प व्यक्त किया गया कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े सभी प्रमुख निर्णयों और मांगों को शीघ्र ही संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, ताकि लंबित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!