बीकानेर। भारत विकास परिषद् (राजस्थान उत्तर प्रांत) के प्रांतीय पर्यावरण चेतना अभियान के अंतर्गत, ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर शुक्रवार सुबह मेजर पूर्ण सिंह सर्कल (भ्रमण पथ) पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिषद् की ‘मीरा’ शाखा संरक्षिका ऋतु मित्तल जी ने बताया परिषद् द्वारा आयोजित “पर्यावरण संरक्षण शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान” पूरे भारत मे एक साथ आयोजित किया जा रहा है मीरा शाखा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण को एक जनांदोलन बनाने का संकल्प लिया।
सामूहिक शपथ और 10 फीट के बैनर पर हस्ताक्षर
सुबह ठीक 6:00 बजे भ्रमण पथ पर पर्यावरण प्रेमियों का जुटना शुरू हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक पर्यावरण संरक्षण शपथ से हुई, जहाँ उपस्थित सभी नागरिकों ने प्रकृति और जैव-विविधता को बचाने, सिंगल-यूज प्लास्टिक का पूरी तरह त्याग करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात, 8×10 फीट के विशाल मुख्य बैनर पर ‘पर्यावरण चेतना जागरूकता हस्ताक्षर अभियान’ का शुभारंभ हुआ। सुबह की सैर पर निकले सैकड़ों आमजन ने बैनर पर अपने हस्ताक्षर कर इस राष्ट्रीय संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का दृढ़ निश्चय व्यक्त किया।
मातृशक्ति और विभिन्न संस्थाओं की रही अनुकरणीय सहभागिता
इस सफल आयोजन में मीरा शाखा की पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रांतीय नेतृत्व, स्थानीय संस्थाओं और आम जनता की भारी सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में प्रांतीय संरक्षक अधिकारी शशि चुग जी का पूर्ण सहयोग रहा इनके साथ ही प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीप्ति वाहल, मीरा शाखा संरक्षिका श्रीमती ऋतु मित्तल प्रांतीय महिला सहभागिताछवि गुप्ता मीरा शाखा अध्यक्ष हेमा सिंह, सचिव सुमन यादव, कोषाध्यक्ष सीमा शर्मा,पर्यावरण प्रकल्प प्रभारी यशी शर्मा सदस्य रेणु जोशी, कविता खत्री सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
अभियान की सराहना करते हुए ‘ग्रीन ब्रिगेड टीम’ से डॉ. वेद प्रकाश व मुकेश गुप्ता, ‘जय श्री कृष्णा टीम’, ‘राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल टीम’ (Pollution Control Team) तथा ‘हँसी-खुशी के गुल्ले टीम’ के सदस्यों ने भी हस्ताक्षर कर अपनी प्रतिबद्धता जताई। सभी सहयोगी संगठनों ने मीरा शाखा के इस प्रयास को अनूठा बताते हुए भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान चलाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।
लगभग 325 से अधिक प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न हुए इस अभियान ने शहर में पर्यावरण चेतना की एक नई अलख जगाई है। अंत में संस्था द्वारा उपस्थित सभी सजग नागरिकों और सहयोगी टीमों का आभार व्यक्त किया गया।









Categories: GENERAL NEWS



