खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, 25 जून तक होंगे आवेदन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

खेलेगा बीकानेर, बढ़ेगा बीकानेर

बीकानेर, 4 जून।

बीकानेर के सबसे बड़े युवा खेल महोत्सव “खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0” के लिए खिलाड़ियों के पंजीयन गुरुवार से आधिकारिक रूप से प्रारंभ कर दिए गए हैं। नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस बहुप्रतीक्षित खेल आयोजन के लिए रजिस्ट्रेशन ओपनिंग पोस्टर का विमोचन शहर के खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर भाजपा नेता जेपी व्यास, भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच अनिल जोशी, बीकानेर जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष, स्केटिंग कोच राहुल खत्री, कुडो कोच प्रीतम सेन, योग प्रशिक्षक भुवनेश पुरोहित, आईटी हेड विनय मिश्रा, शूटिंग कोच अनिल कुमावत, तैराकी प्रशिक्षक नवीन सेवक सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन की डायरेक्टर पूजा आचार्य ने बताया कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 के लिए खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन 4 जून 2026 से 25 जून 2026 तक किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन रखा गया है। साथ ही विभिन्न खेल अकादमियों एवं प्रशिक्षण केंद्रों पर भी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और पंजीयन सहयोग की व्यवस्था की गई है, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी इस आयोजन से जुड़ सकें।

उन्होंने बताया कि “खेलेगा बीकानेर, बढ़ेगा बीकानेर” की थीम पर आयोजित होने वाला यह खेल महाकुंभ पिछले तीन वर्षों में युवाओं का सबसे पसंदीदा खेल आयोजन बनकर उभरा है। बीकानेर के हजारों खिलाड़ी पूरे वर्ष इस प्रतियोगिता का इंतजार करते हैं। इस वर्ष भी 3000 से अधिक खिलाड़ियों के विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने की संभावना है।

आयोजकों ने बताया कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 के अंतर्गत 15 से अधिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें टीम एवं व्यक्तिगत दोनों प्रकार की स्पर्धाएं शामिल होंगी। प्रतियोगिताओं का आयोजन शहर के विभिन्न खेल मैदानों एवं खेल परिसरों सहित 10 से अधिक स्थानों पर किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने खेलो बीकानेर यूथ गेम्स को बीकानेर के खेल इतिहास का एक महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रही है। साथ ही यह आयोजन युवाओं को नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए उन्हें खेलों और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित कर रहा है।

अतिथियों ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए अधिकाधिक खिलाड़ियों से इस खेल महोत्सव में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से ही स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है तथा खेलो बीकानेर यूथ गेम्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उल्लेखनीय है कि नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित खेलो बीकानेर यूथ गेम्स आज बीकानेर का सबसे बड़ा बहु-खेल आयोजन बन चुका है, जिसमें प्रत्येक वर्ष हजारों खिलाड़ी भाग लेते हैं। आगामी जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने जा रहा तीसरा संस्करण भी भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

Categories:
error: Content is protected !!