पति को मारकर पत्नी ने गड्‌ढे में गाड़ दिया:शव निकालने के लिए पुलिस को मंगानी पड़ी JCB

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

*पति को मारकर पत्नी ने गड्‌ढे में गाड़ दिया:शव निकालने के लिए पुलिस को मंगानी पड़ी JCB*
पति घर पर रोज शराब पार्टी करता था। उसकी इस आदत से तंग पत्नी ने उसका मर्डर कर दिया। बाड़े में करीब 4 फीट गहरा गड्‌ढा खोदा और शव को गाड़ दिया। वारदात 2 मई की है। पुलिस को शव निकालने के लिए JCB मंगानी पड़ी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बीकानेर के लूणकरणसर का है। बताया जा रहा है कि हथौड़े से पति के सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है।

*सख्ती से पूछताछ*
पुलिस के अनुसार, 2 मई की रात लूणकरणसर के कपूरीसर गांव में द्वारका प्रसाद पूनिया (40) घर में पर देरी से आया था। उसके पिता चोरूराम सो गए थे। पूनिया सुबह भी घर में नहीं दिखा तो पिता ने पूछा। इस पर पत्नी मनोज ने बताया कि वो बाहर चले गए हैं। एक-दो दिन बाद भी वापस नहीं आए तो परिजनों ने इधर-उधर ढूंढना शुरू कर दिया।
जब आसपास के गांव में भी उसके बारे में पता नहीं चला तो द्वारका प्रसाद के मौसी के बेटे भाई दिलीप ने पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन परिजन रोकते रहे। सोचा आसपास मिल जाएगा। दिलीप का मृतक के घर के पास ही घर है। भाई के गायब होने के बाद से वो उसके घर पर ही था।शुक्रवार को दिलीप ने द्वारका की पत्नी मनोज (36) को खेत में बुलाकर सख्ती से पूछताछ की। तब जाकर मनोज ने सारा राज उगला। मनोज ने बताया कि उसने अपने पति को मार दिया है। शव घर के पीछे 100 मीटर दूर एक बाड़े में दफना दिया। इसके बाद लूणकरनसर पुलिस को घटना के बारे में बताया गया। चोरूराम ने रिपोर्ट दी है। द्वारका प्रसाद का एक बेटा भी है, जो घटना वाले दिन घर में नहीं था।

*भारी हथौड़े से हत्या*
जांच में सामने आया कि द्वारका प्रसाद के शराब पीने की आदत से परेशान होकर मनोज ने उस पर हथौड़े से वार किया। एक ही वार में वो ढेर हो गया। रात के अंधेरे में किसी को पता नहीं चला। मनोज अपने पति के शव को लेकर घर से कुछ दूरी पर स्थित बाड़े में दफना आई।
करीब चार फीट गहरा गड्‌ढा उसने अकेले खोदा या फिर पहले से खुदा हुआ था, इस बारे में पता नहीं चला। अब पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। आशंका है कि इस वारदात में मनोज अकेली नहीं है। फिलहाल पुलिस ने मनोज को गिरफ्तार कर लिया है।

*गल गया शव*
द्वारका प्रसाद का शव करीब 26 दिन से दफन था। ऐसे में शव काफी गल चुका है। इसे उठाकर पुलिस ने अब लूणकरणसर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। उधर, पूरा परिवार खेती पर निर्भर है।

Categories:
error: Content is protected !!