तीन दिन चलेगा ऊंट उत्सव, रायसर के धोरों पर नाचेंगे ऊंट जिला कलक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बीकानेर, 11 दिसम्बर। अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव इस बार 7 से 9 जनवरी 2022 तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष ऊंट उत्सव में हैरिटेज वाक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राजस्थानी व्यंजन,आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शन, अमृता हाट और बर्ड वाचिंग जैसे आयोजन भी किए जाएंगे। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में इस सम्बन्ध में बैठक आयोजित कर समस्त तैयारियां समय रहते करने के निर्देश दिए।
मेहता ने बताया कि उत्सव के पहले दिन सायं 5.15 बजे से लक्ष्मीनाथ मंदिर से रामपुरिया हवेलियों तक हैरिटेज वाॅक निकलेगी। इसी दिन सूरसागर पर सांस्कृतिक संध्या ‘झंकार’ आयोजित की जाएगी। दूसरे दिन के कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 9 बजे जूनागढ़ के आगे से शोभायात्रा के साथ होगी। यह शोभायात्रा यहां से डाॅ. करणी सिंह स्टेडियम जाएगी, जहां मिस मरवन, ऊंट श्रृंगार, मिस्टर बीकाणा, ऊंट बाल कटाई तथा ऊंट नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसी दिन सांय 4.30 बजे से दरबारी झील पर रिदम्स ऑफ लाइफ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगीत प्रस्तुति के साथ योग व ध्यान तथा काढ़ा वितरण होगा। सायं 6.30 बजे से डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में ही सेलिब्रिटी नाईट होगी। दूसरे दिन के कार्यक्रमों का समापन आतिशबाजी के साथ होगा।
अंतिम दिन रायसर में होंगे कार्यक्रम
तीसरे दिन प्रातः 7.30 बजे से जोड़बीड़ कंजर्वेशन रिजर्व में बर्ड वाचिंग कार्यक्रम ‘पखेरू’ होगा। बीकानेर में ग्रामीण पर्यटन की संभावनों को देखते हुए तीसरे दिन के कार्यक्रम रायसर के धोरों पर भी आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम प्रातः 11.30 बजे से होंगे। इस दौरान पुरुष व महिला रस्साकस्सी, ऊंट नृत्य, मटका दौड़, केमल राइड, ग्रामीण कुश्ती एवं अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। सांय 4 बजे से राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र में ऊंट दौड़ व घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी। सायं 6.30 बजे से रायसर में ही सुर संगम व अग्नि
नृत्य आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा। जिला कलक्टर ने कहा कि महोत्सव आयोजन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इसे सफल बनाने में जुट जाएं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, एडीएम सिटी अरुण प्रकाश शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, नगर विकास न्यास सचिव नरेंद्र सिंह पुरोहित, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक भानु प्रताप ढाका, पर्यटन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, पवन शर्मा, योगेश राय, गोपाल बिस्सा, विनोद भोजक, विजय सिंह थैलासर, मुमताज अली मीर, प्रदीप, कुणाल सिंह, हसन खान, शिवानी भारद्वाज, एचडी नागल, जगन सिंह पूनिया तथा नगेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!