
बीकानेर। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सागर के निर्देश पर बीकानेर पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टक्कर व मारपीट प्रकरण के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दो हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को हथियारों सहित पकड़ा गया है।
यह कार्रवाई पुलिस थाना जेएनवीसी, कोटगेट और मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस द्वारा एएसपी सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को जेएनवीसी थाना क्षेत्र में कैम्पर गाड़ियों से जानलेवा टक्कर और मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस प्रकरण में पुलिस ने मुख्य आरोपी आदतन बदमाश विष्णु बांगुड़ा को गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। विष्णु को शरण देने वाले उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं अन्य सहयोगियों को नामजद किया गया है।
पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर गोपाल जाखड़ को अवैध पिस्टल सहित पकड़ा है। गोपाल जाखड़ के खिलाफ पूर्व में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी प्रकार, कोटगेट थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र के कुख्यात अपराधी और हिस्ट्रीशीटर रवि मोदी को भी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में आईपीएस विशाल जांगिड़, वृत्ताधिकारी शहर श्रवण दास संत, संबंधित थानाधिकारीगण एवं डीएसटी टीम की विशेष भूमिका रही।
बीकानेर पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सागर ने टीम को सराहना व्यक्त करते हुए बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।













Add Comment