
बीकानेर शहर के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को प्रशासन और पुलिस महकमा एलर्ट मोड पर आ गया।डाकघर को भेजे गए एक धमकी भरे ई-मेल में ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई है, जिसके बाद एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करवा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
खुशबू राठी इंस्पेक्टर ऑफ पोस्ट्स बीकानेर के अनुसार मुख्य डाकघर को ई-मेल के माध्यम से धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें डाकघर तथा पासपोर्ट सेवा से जुड़े कार्यालय को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। संदेश में विस्फोट करने की चेतावनी दिए जाने के बाद डाक विभाग और स्थानीय प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा कदम उठाते हुए परिसर में मौजूद सभी कर्मचारियों और लोगों को बाहर निकाल दिया।
सूचना मिलते ही कोटगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ डाकघर पहुंचे और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू करवाई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना सुरक्षा एजेंसियों को भी दे दी गई है। तकनीकी टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर ट्रैकिंग की मदद ले रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही हैं, ताकि धमकी की सच्चाई का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बीकानेर कोर्ट को इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था। उस समय विस्तृत जांच के बाद वह मामला अफवाह साबित हुआ था। हालांकि इस बार भी पुलिस किसी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहती और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल मुख्य डाकघर परिसर की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।












Add Comment