बीकानेर, 21 जुलाई।सावन मास के दूसरे सोमवार और पावन कामिका एकादशी के संयोग पर बीकानेर के ऐतिहासिक मोहल्ला बागवानों का मोहल्ला, पुरानी गिन्नाणी स्थित बुधेश्वर महादेव मंदिर में शिवभक्तों की आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। यहां भगवान शिव का दिव्य श्रृंगार रुद्राक्षों से किया गया, और शाम को भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा।
पूरे मंदिर परिसर को पुष्पों, दीपों और रंगीन रोशनियों से सजाया गया था। मंदिर में शिवभक्तों की कतारें दिनभर लगी रहीं। भजन-कीर्तन और ओम नमः शिवाय की गूंज से वातावरण शिवमय हो गया।
पुजारी कुलदीप सोलंकी और सेवाराम सोलंकी ने बताया कि सावन मास के इस विशेष अवसर पर भगवान बुधेश्वर महादेव का रुद्राक्षों से श्रृंगार कर महाआरती की गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने यह भी बताया कि सावन के अंतिम सोमवार को भगवान शिव का बर्फ से श्रृंगार कर उन्हें अमरनाथ महादेव के स्वरूप में सजाया जाएगा।
इस विशेष आयोजन में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालु पूजा के साथ जलाभिषेक कर शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए। मंदिर परिसर में भक्तों के लिए प्रसाद वितरण और सामूहिक भजन संध्या की भी व्यवस्था की गई।
बुधेश्वर महादेव मंदिर में सावन मास का हर सोमवार विशेष अनुष्ठानों और श्रृंगार से परिपूर्ण रहेगा, जो शिवभक्तों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक शांति का अद्वितीय अवसर है।












Add Comment