राज्य स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ के आयोजन स्थल में बदलाव की मांग, विधानसभा में कराने का अनुरोध

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद” कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर प्रतिभागियों ने महत्वपूर्ण पहल की है। 06 मार्च 2026 को जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में प्रस्तावित इस कार्यक्रम को अब राजस्थान विधानसभा परिसर में आयोजित किए जाने की मांग उठाई गई है।

राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित प्रतिभागियों ने राज्य निदेशक, माय भारत राजस्थान को प्रेषित पत्र में निवेदन किया है कि युवा संसद का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संसदीय प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों, नीति-निर्माण प्रणाली तथा वास्तविक विधायी वातावरण से परिचित कराना है। ऐसे में यदि कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान विधानसभा परिसर में किया जाए, तो प्रतिभागियों को वास्तविक संसदीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।

प्रतिभागियों का मानना है कि विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम अधिक सार्थक और प्रभावी सिद्ध होगा। इससे युवाओं में लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जिस सदन में राज्य के महत्वपूर्ण विधेयक पारित होते हैं और नीतियां निर्धारित की जाती हैं, उसी वातावरण में युवा संसद का आयोजन युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहेगा।

निवेदन पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्यक्रम की उपयोगिता और प्रभावशीलता को बढ़ाने के लिए वास्तविक संसदीय परिवेश अत्यंत आवश्यक है। प्रतिभागियों ने आग्रह किया है कि उनकी भावनाओं एवं कार्यक्रम के मूल उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल में परिवर्तन की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार किया जाए।

अब इस मांग पर संबंधित अधिकारियों द्वारा क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर प्रतिभागियों और युवाओं की निगाहें टिकी हुई हैं। यदि कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान विधानसभा में होता है, तो यह राज्य के युवाओं के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निकट से समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।

Categories:
error: Content is protected !!