बीकानेर में आधुनिक क्रिकेट सुविधाओं का विस्तार, करमीसर रोड पर ‘सिटी टर्फ ग्राउंड’ का भव्य उद्घाटन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। शहर के क्रिकेट प्रेमी खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में करमीसर रोड स्थित ‘सिटी टर्फ ग्राउंड’ का भव्य उद्घाटन समाजसेविका राजकुमारी चावला द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम में दाऊ लाल चावला और बलदेव चावला ने जानकारी देते हुए बताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह मैदान बीकानेर शहर का पहला बड़ा टर्फ ग्राउंड होगा, जहां खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अभ्यास का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस ग्राउंड के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा, जिससे वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

इस दौरान पूर्व शिक्षा अधिकारी सुनील बोड़ा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

स्वर्गीय भंवरलाल चावला परिवार की ओर से बताया गया कि इस ग्राउंड पर खिलाड़ियों को कम शुल्क में अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ी भी बिना किसी बाधा के अपनी प्रतिभा को निखार सकें।

कार्यक्रम में गिरधर व्यास, बदरसा जोशी, पंडित अशोक किराडू, सुरेश व्यास सहित परिवार के सदस्य एवं अनेक खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Categories:
error: Content is protected !!