पैरा एशियाई तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के निवास पर सम्मान

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


नई दिल्ली।पैरा एशियाई तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में आज भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा अपने निवास स्थान पर एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पैरा ओलंपिक तीरंदाजी खिलाड़ी एवं वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक विजेता श्याम सुंदर स्वामी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

हाल ही में बैंकॉक में आयोजित पैरा एशियाई तीरंदाजी टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाया। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मान समारोह में मंत्री महोदय ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर पैरा एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाले श्याम सुंदर स्वामी को सम्मानित करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि ऐसे खिलाड़ी देश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने साहस, समर्पण और मेहनत से नई ऊंचाइयों को छूते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में भारतीय टीम के कोच अनिल जोशी को भी आमंत्रित किया गया था, किन्तु निजी कारणों के चलते वे समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।

इस अवसर पर वीरेंद्र सचदेवा, महासचिव, भारतीय तीरंदाजी संघ भी मौजूद रहे। सचदेवा ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आने वाली प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत को अधिक से अधिक पदक दिलाने में सफल हों।

मंत्री द्वारा खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान निश्चित रूप से देशभर के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में और अधिक उत्साह एवं ऊर्जा के साथ देश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।

Categories:
error: Content is protected !!