डीएलएड काउंसलिंग में अभ्यर्थीयों को प्राप्त होंगे समयबद्ध अवसर : प्रो.बीएल वर्मा,कुलगुरु
कोटा। 09 वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्री-डीएलएड परीक्षा 2026 का परिणाम बुधवार 10 जून को दोपहर 3 बजे बाद राजस्थान सरकार के स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर विश्वविद्यालय स्थित गाँधी भवन में घोषित करेंगे। विश्वविद्यालय जनसंपर्क प्रकोष्ठ से विक्रम राठौड़ ने बताया कि शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर के निर्देशन में परिणाम घोषणा की यह त्वरित प्रक्रिया विद्यार्थियों के हित में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है। इससे अभ्यर्थियों को आगे की शैक्षणिक योजनाओं और काउंसलिंग में समयबद्ध अवसर प्राप्त होंगे।इसकी घोषणा पूर्व की भांति कार्यक्रम की अध्यक्षता परीक्षा के मुख्य समन्वयक व कुलगुरू प्रो बीएल वर्मा करेंगे। पहले इसका आयोजन 10 जून को जयपुर में जेएलएन मार्ग स्थित वीएमओयू के क्षेत्रीय केन्द्र पर दोपहर बाद 3 बजे होना था । अपरिहार्य कारणों से ये कार्यक्रम अब कोटा में 10 जून को दोपहर बाद 3 बजे आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर परिणाम घोषित करने के कार्यक्रम में परीक्षा आयोजन से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
परीक्षा मुख्य समन्वयक एवं कुलगुरु प्रो बीएल वर्मा ने बताया कि इस बार परीक्षा में कुल छह लाख पांच हजार 242 आवेदन प्राप्त हुए थे और परीक्षा में कुल चार लाख 97 हजार 178 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और गहन चेकिंग में परीक्षा 41 जिलों में संपन्न कराई गई। राज्य के कुल 1774 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में परीक्षा 20 मई 2026 को आयोजित की गई थी। अब परिणाम तैयार है और इसे बुधवार 10 जून को घोषित किया जा रहा है। प्रो बीएल वर्मा ने कहा कि प्री-डीएलएड परीक्षा 2026 में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपना स्कोर कार्ड एवं मेरिट संबंधी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे। इसके पश्चात प्रवेश हेतु काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारम्भ की जाएगी। अभ्यर्थी परिणाम घोषित होने के बाद आधिकारिक पोर्टल पर रोल नंबर एवं आवश्यक विवरण दर्ज कर अपना परिणाम डाउनलोड कर सकेंगे। समय पर परीक्षा सम्पन्न होने और परिणाम जारी होने से अभ्यर्थी आगे की काउंसलिंग में सम्मलित हो सकेंगे।













