प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह, विजेताओं को किया पुरस्कृत
बीकानेर, 26 नवंबर। किसी भी राष्ट्र की प्रगति, विकास एवं सुचारु शासन व्यवस्था में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संविधान न केवल देश की शासन एवं प्रशासनिक व्यवस्था का आधार है, बल्कि नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का भी मार्गदर्शक है। इसी उद्देश्य को केंद्र में रखते हुए महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की विश्वविद्यालय इकाइयों एवं विधिक कार्य बीकानेर महानगर के संयुक्त तत्वावधान में 26 नवंबर को संविधान दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम के संरक्षक विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य नरसी राम बिश्नोई रहे। समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की सचिव मांडवी राजवी मुख्य अतिथि तथा बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्कूल ऑफ लॉ के निदेशक डॉ. प्रभुदान चारण ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संविधान दिवस के महत्व एवं आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित के संबोधन से हुआ। उन्होंने संविधान निर्माण में बीकानेर के योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि मांडवी राजवी ने अपने संबोधन में निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के संरक्षक एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य नरसी राम बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार युवा ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दिग्विजय सिंह ने प्रथम, नंदिनी पुरोहित ने द्वितीय तथा ग्लोरी अस्थाना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में नंदिनी पुरोहित एवं तान्या शर्मा ने प्रथम, तेजाराम राईका एवं तान्या अग्रवाल ने द्वितीय तथा माधव व्यास एवं कनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को कुलगुरु एवं मंचस्थ अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सह-आयोजन में विधिक कार्य बीकानेर महानगर के पदाधिकारियों की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही। उनके पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। उन्होंने संविधान दिवस के आयोजन को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सह-आयोजक संस्था विधिक कार्य बीकानेर महानगर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग और सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपकुलसचिव डॉ. बिट्ठल दास बिस्सा, प्रो. अनिल छंगाणी, डॉ. अभिषेक वशिष्ठ, डॉ. गौतम मेघवंशी, डॉ. संतोष शेखावत, डॉ. फौजा सिंह, डॉ. दुर्गा चौधरी, डॉ. कप्तान चंद, डॉ. सुमन चौधरी, डॉ. सुमन सोढ़ा, डॉ. सीमा जैन, डॉ. प्रदीप कच्छावा, राहुल यादव, दया प्रजापति, मोनिका पंवार, आयुष शर्मा सहित विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, विधिक कार्य बीकानेर महानगर के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वर्षा पंवार ने किया तथा अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी डॉ. प्रगति सोबती ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।







