45 मिनट का संवादात्मक सेशन रहा रोचक, कार्यक्रम के बाद छात्राओं ने व्यक्तिगत करिअर मार्गदर्शन भी लिया
लूणकरणसर/बीकानेर। बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन के माध्यम से राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, लूणकरणसर में छात्राओं के लिए करिअर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेशनल करिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली का विशेष मार्गदर्शन सत्र छात्राओं के लिए खास आकर्षण रहा। करीब 45 मिनट तक चले इस संवादात्मक सेशन में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने भविष्य, पढ़ाई तथा करिअर विकल्पों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे।
डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने छात्राओं के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें अपनी रुचि, योग्यता, क्षमता और कौशल को पहचानकर करिअर का चयन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समझाया कि भविष्य की योजना बनाते समय केवल प्रचलित विकल्पों तक सीमित रहने के बजाय विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों की जानकारी लेना जरूरी है। सही जानकारी, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत से छात्राएं अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।
सेशन के दौरान छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और सवालों ने कार्यक्रम को बेहद रोचक बनाया। छात्राओं ने विभिन्न करिअर विकल्पों को समझने का प्रयास किया। डॉ. श्रीमाली ने सरल एवं सहज तरीके से उनके प्रश्नों का समाधान किया और उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
व्यक्तिगत मार्गदर्शन के लिए भी छात्राओं में दिखा उत्साह
सामूहिक सत्र समाप्त होने के बाद भी छात्राओं का उत्साह बना रहा। कई छात्राओं ने डॉ. श्रीमाली से व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपने करिअर से जुड़े सवाल पूछे और अपनी रुचि तथा भविष्य की योजनाओं के अनुरूप मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह सहभागिता दर्शाती है कि छात्राएं अपने भविष्य को लेकर गंभीर हैं और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए विशेषज्ञ सलाह की आवश्यकता महसूस होती है।
कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं को ‘करिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तक भेंट की गई, जिसमें करिअर विकल्पों और भविष्य की तैयारी से संबंधित उपयोगी जानकारी संकलित है। कार्यक्रम का संचालन केशव आचार्य ने किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य राकेश कुमार ने करिअर काउंसलिंग वैन टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए इस उपयोगी पहल की सराहना करते हुए बीकाजी एवं निर्विकल्प फाउंडेशन का साधुवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को करिअर संबंधी जानकारी और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने वाली ऐसी पहल उनके भविष्य को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
करिअर मार्गदर्शन के साथ बच्चियों के लिए बीकाजी की ओर से मिला छोटा-सा उपहार उनके उत्साह और खुशी को और बढ़ा दिया।

Categories: GENERAL NEWS







