नॉर्दर्न रेलवे ने 47 अंकों के साथ जीती ओवरऑल चैंपियनशिप, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के नमन कपिल रहे 120 किलोमीटर रोड रेस के विजेता
उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर मंडल खेलकूद संघ (NWRSA) के तत्वावधान में रेलवे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बीकानेर में 19 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित 63वीं अखिल भारतीय रेलवे रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप 2026-27 का आज भव्य समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों एवं इकाइयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित 120 किलोमीटर रोड मास स्टार्ट रेस में नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के नमन कपिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। साउथ वेस्टर्न रेलवे के अनिल मंगला द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि नॉर्दर्न रेलवे के नीरज कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
टीम चैंपियनशिप में नॉर्दर्न रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 47 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। साउथ वेस्टर्न रेलवे 21 अंकों के साथ उपविजेता रहा। नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे ने 16 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे 7 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।
नॉर्दर्न रेलवे के खिलाड़ी नमन कपिल को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण पदक एवं 1 टीम स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल रहे। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौधरी, CPM/गतिशक्ति प्रमोद कुमार भाकल एवं मंडल खेलकूद अधिकारी विष्णु चौधरी ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, समर्पण, टीम भावना एवं सकारात्मक सोच का विकास करते हैं।





