दियातरा और बीठनोक के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को मिला विशेषज्ञों से करिअर मार्गदर्शन; प्रधानाचार्यों ने की पहल की सराहना, बीकाजी और निर्विकल्प फाउंडेशन का जताया आभार

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकाजी और निर्विकल्प की करिअर वैन, हजारों विद्यार्थियों को दे चुकी है भविष्य की सही दिशा

बीकानेर। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए सही दिशा और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन लगातार गांव-गांव पहुंच रही है। इस पहल के माध्यम से अब तक हजारों विद्यार्थियों को करिअर संबंधी मार्गदर्शन दिया जा चुका है। इसी क्रम में शनिवार को करिअर वैन दियातरा और बीठनोक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पहुंची, जहां विद्यार्थियों को विभिन्न करिअर विकल्पों, उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में नेशनल करिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि दसवीं और बारहवीं के बाद विषय एवं करिअर का चयन जीवन का महत्वपूर्ण निर्णय होता है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता, क्षमता और लक्ष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसरों की विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ करिअर से जुड़े सवाल पूछे। डॉ. श्रीमाली ने उनकी जिज्ञासाओं का सरल और व्यावहारिक तरीके से समाधान करते हुए लक्ष्य निर्धारण, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन के महत्व को समझाया।
करिअर मार्गदर्शिका पुस्तक विद्यार्थियों के लिए उपयोगी
परियोजना से जुड़े केशव आचार्य ने विद्यार्थियों को वितरित की गई करिअर मार्गदर्शिका पुस्तक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पुस्तक में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों, करिअर की संभावनाओं और भविष्य की योजना बनाने से संबंधित उपयोगी जानकारियां संकलित की गई हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कार्यक्रम के बाद भी करिअर संबंधी जानकारी प्राप्त करने में मदद करना है।
काउंसलर लोचन पारीक ने करिअर वैन परियोजना की कार्यप्रणाली और इसके उद्देश्यों की जानकारी साझा की। वहीं मनन श्रीमाली ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
दोनों विद्यालयों की प्रधानाचार्यों ने की सराहना
दियातरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती शशि शर्मा तथा बीठनोक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती जमना परिहार ने इस परियोजना की सराहना करते हुए पूरी टीम को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के करिअर मार्गदर्शन कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं। विशेषज्ञों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य के विकल्पों को समझने का अवसर मिल रहा है।
दोनों प्रधानाचार्यों ने विशेष रूप से बीकाजी और निर्विकल्प फाउंडेशन परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
शहर से दूर गांवों तक पहुंच रहा करिअर मार्गदर्शन
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पहुंच है। सामान्यतः करिअर काउंसलिंग जैसी सुविधाएं शहरों और बड़े शैक्षणिक संस्थानों तक सीमित रह जाती हैं, लेकिन बीकाजी के सहयोग से संचालित यह विशेष वैन ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के विकल्पों को समझने में सहायता मिल रही है।
निर्विकल्प फाउंडेशन की यह पहल केवल करिअर विकल्पों की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने, सही निर्णय लेने और आत्मविश्वास के साथ भविष्य की तैयारी करने के लिए प्रेरित कर रही है। बीकाजी के सहयोग से संचालित यह परियोजना ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन की एक उपयोगी कड़ी बन रही है और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

Categories:
error: Content is protected !!