ईसीबी में ‘प्रारम्भ-द्वितीय’ के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, रोमांचक मुकाबलों में विजेताओं ने मारी बाजी

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

शतरंज से क्रिकेट तक छाया खेलों का रोमांच, ‘प्रारम्भ-द्वितीय’ में दूसरे दिन भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दिखी ताकत और रफ्तार, वॉलीबॉल-क्रिकेट में भी हुए कड़े मुकाबले

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में चल रहे तीन दिवसीय ‘प्रारम्भ-द्वितीय स्पोर्ट्स वीक’ के दूसरे दिन भी खेल मैदानों पर रोमांच और उत्साह देखने को मिला। खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि क्रिकेट, वॉलीबॉल, शतरंज, कैरम बोर्ड तथा एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

क्रिकेट में रॉयल्स-11 ने जीता फाइनल, दीपेश यादव रहे मैन ऑफ द मैच

क्रिकेट के रोमांचक मुकाबलों में कुशल वर्मा की कप्तानी वाली रॉयल्स-11 ने फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया। टीम के शानदार प्रदर्शन में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में दीपेश यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

वॉलीबॉल में विजेता टीम ने दिखाया शानदार तालमेल

बालक वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कप्तान कृष्ण पूनिया की अगुवाई वाली विजेता टीम में चेतन सिंह चौधरी, नवीन सिंह राजपुरोहित, विक्रम सिंह राजपुरोहित, सीताराम नायक एवं अनुभव शर्मा शामिल रहे। टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

एथलेटिक्स में थ्रो स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाई ताकत

दूसरे दिन एथलेटिक्स की थ्रो स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। डिस्कस थ्रो में अनुभव शर्मा ने प्रथम, विक्रम सिंह ने द्वितीय तथा आदित्य महांता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शॉटपुट में विक्रम सिंह प्रथम, ऋतुराज सिंह द्वितीय एवं आदित्य महांता तृतीय रहे। वहीं जेवलिन थ्रो में आदित्य महांता ने पहला, अनुभव शर्मा ने दूसरा तथा अक्षत विजय ने तीसरा स्थान हासिल किया।

शतरंज और कैरम में भी विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

शतरंज की बालिका वर्ग प्रतियोगिता में लक्षिका प्रथम एवं पनिता द्वितीय रहीं। बालक वर्ग में खुशाल ने पहला तथा प्रथम ने दूसरा स्थान हासिल किया। कैरम बोर्ड में बालिका वर्ग में दीप्ति आर्या प्रथम एवं कोमल महाला द्वितीय रहीं। बालक वर्ग में आशीष कुमार बैरवा प्रथम तथा यश कोठारी द्वितीय रहे।

खेल विभाग ने बताया, लगातार बढ़ रहा विद्यार्थियों का उत्साह

खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि ‘प्रारम्भ-द्वितीय’ में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है। विभिन्न खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मनीष व्यास, मनोज चौधरी, विजय सिंह, डॉ. देवेंद्र गहलोत सहित अन्य अधिकारी, संकाय सदस्य, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Categories:
error: Content is protected !!